गाजीपुर : जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, गाजीपुर में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, गाजीपुर में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू
डिजिटल डेटा संकलन व हाउस लिस्टिंग पर दिया जा रहा विशेष प्रशिक्षण, 450 से अधिक प्रशिक्षार्थी हुए शामिल
गाजीपुर, 22 अप्रैल 2026: भारत की आगामी जनगणना 2027 के प्रथम चरण ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ के सफल संचालन के लिए जनपद में प्रशिक्षण कार्यक्रमों की शुरुआत कर दी गई है। इसी क्रम में तहसील सदर एवं नगर पालिका परिषद मोहम्मदाबाद में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ, जो अगले दो दिनों तक जारी रहेगा।तहसील सदर के प्रशिक्षण का आयोजन राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, गाजीपुर में किया गया, जिसका उद्घाटन मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी (वि/रा) दिनेश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान तहसीलदार सदर भी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के प्रथम दिन जनगणना कार्य निदेशालय, लखनऊ से आए उप निदेशक/मंडल प्रभारी डॉ. हेमंत कुमार वर्मा, जिला प्रभारी शिवम सिंह, मास्टर ट्रेनर राजवंत सिंह एवं आलोक तिवारी (डीआईईटी) ने प्रशिक्षण की विस्तृत जानकारी दी।यह प्रशिक्षण कुल 9 बैचों में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 18 फील्ड ट्रेनर्स द्वारा लगभग 450 प्रशिक्षार्थियों को डिजिटल जनगणना और डेटा संकलन की तकनीकी जानकारी प्रदान की जा रही है।इसी क्रम में नगर पालिका परिषद मोहम्मदाबाद के सभागार में भी प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ अधिशासी अधिकारी द्वारा किया गया। यहां एक बैच में 2 फील्ड ट्रेनर्स द्वारा 38 प्रशिक्षार्थियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।प्रशिक्षण के आगामी सत्रों (23 एवं 24 अप्रैल) में प्रतिभागियों को मोबाइल ऐप के माध्यम से डेटा एंट्री, हाउस लिस्टिंग ब्लॉक की पहचान तथा फील्ड वर्क के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्देशित किया कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, इसलिए सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षक पूरी निष्ठा, सतर्कता और शुद्धता के साथ डेटा संकलन का कार्य सुनिश्चित करें।



