
राष्ट्रीय एकता दिवस पर एनसीसी कैडेट्स ने निकाली जागरूकता रैली, दिया एकता और स्वच्छता का संदेश
भुड़कुड़ा में 92 बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में पीजी कॉलेज एवं इंटर कॉलेज में आयोजित हुआ कार्यक्रम, कैडेट्स ने ली राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ
जखनियां (गाजीपुर)। राष्ट्रीय एकता के प्रतीक एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में भुड़कुड़ा स्थित पीजी कॉलेज एवं इंटर कॉलेज में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। 92 बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में आयोजित इस संयुक्त कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स ने स्वच्छता अभियान, जागरूकता रैली एवं शपथ ग्रहण के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और स्वच्छता का संदेश दिया।कार्यक्रम का आयोजन 92 बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल अनुभव राज के संरक्षण तथा द्वितीय कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल रणजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता अभियान से हुई। इस दौरान एनसीसी कैडेट्स ने महाविद्यालय परिसर में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई की। साथ ही परिसर के आसपास फैले कूड़े-कचरे को हटाकर स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया।इसके बाद कैडेट्स ने जागरूकता रैली निकाली। लेफ्टिनेंट (डॉ.) प्रदीप कुमार एवं हवलदार भीम बहादुर थापा के नेतृत्व में निकली रैली महाविद्यालय परिसर से शुरू होकर भुड़कुड़ा बाजार पहुंची और विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः कॉलेज परिसर में आकर संपन्न हुई। रैली के दौरान कैडेट्स ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और ‘राष्ट्रीय एकता जिंदाबाद’ जैसे नारों के माध्यम से लोगों को देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संदेश दिया।कार्यक्रम के अंतिम चरण में एनसीसी कैडेट्स को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई। लेफ्टिनेंट (डॉ.) प्रदीप राय ने कैडेट्स को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने तथा इसके लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प दिलाया। इस दौरान हवलदार भीम बहादुर थापा ने कैडेट्स के बीच अनुशासन बनाए रखने और कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।आयोजकों ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस जैसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक सद्भाव, अनुशासन और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थियों को देश की एकता और अखंडता के महत्व को समझने तथा समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा मिलती है।इस अवसर पर दोनों महाविद्यालयों के कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।



