
CM योगी पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर बवाल, गोरक्षनाथ सनातन संघ ने कैंट थाने में दी तहरीर, FIR की मांग
गोरखपुर।* मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ एक सार्वजनिक कार्यक्रम में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर गोरक्षनाथ सनातन संघ ने मंगलवार रात कैंट थाने में तहरीर देकर FIR दर्ज करने की मांग की है।संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद कुमार त्रिपाठी और प्रदेश अध्यक्ष राधामोहन सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल रात करीब 9 बजे थाने पहुंचा और प्रभारी निरीक्षक को शिकायती पत्र सौंपा।तहरीर में आरोप लगाया गया है कि गोरखपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने मुख्यमंत्री के संबंध में आपत्तिजनक और उकसावे वाले शब्दों का प्रयोग किया। इसका वीडियो फेसबुक और इंस्टाग्राम पर प्रसारित किया गया है। साक्ष्य के रूप में वीडियो की पेनड्राइव भी पुलिस को सौंपी गई है।शिकायत में कहा गया है कि इस टिप्पणी से सामाजिक और धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं तथा सोशल मीडिया पर वीडियो के प्रसार से कानून-व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।संघ ने पुलिस से मूल वीडियो, रील, अपलोड विवरण और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित कर जांच में शामिल करने की मांग की है। साथ ही कार्यक्रम के आयोजकों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने और वीडियो अपलोड व प्रसारित करने वालों की भूमिका की जांच की भी मांग उठाई है।



