ईसानगर, लखीमपुर खीरी : घाघरा नदी के तेज बहाव में बह गईं तीन किशोरियां, दो लापता

घाघरा नदी के तेज बहाव में बह गईं तीन किशोरियां, दो लापता

(अनुपम मिश्रा)

ईसानगर, लखीमपुर खीरी। ईसानगर थाना क्षेत्र में सोमवार को तीन किशोरी गांव के करीब बह रही घाघरा नदी की ओर घास काटने और लकड़ियाँ बीनने गांव की महिलाओं की टोली के साथ गई हुई थीं। लेकिन यह तीनों जत्थे से अलग होकर घाघरा नदी के किनारे पहुंच गईं। पानी की गहराई का अंदाजा न होने से तीनों किशोरियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। किशोरियों को डूबता देख साथ में मौजूद महिलाओं और लड़कियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर घाघरा नदी के तट पर अपने खेत में मौजूद एक किसान तत्काल मौके पर पहुंच गया और किशोरियों को बचाने के लिए नदी में कूद पड़ा।

तैराक किसान ने अपनी जान को जोखिम में डाल किसी तरह शैलेन्द्री को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया लेकिन नदी का बहाव तेज होने के कारण गोल्डी और सुनीता नदी में बह गईं। हादसे की जानकारी जब गांव पहुंची तो स्थानीय गोताखोरों और तैराकों ने घाघरा नदी में काफी दूर तक सुनीता और गोल्डी को तलाश किया, लेकिन उन्हें बरामद नहीं कर सके।

सूचना पाकर ईसानगर पुलिस तथा तहसील प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन नदी में डूबी दोनों किशोरियों का पता नहीं चल सका। थानाध्यक्ष ईसानगर ने बताया की एसडीआरएफ को सूचना दे दी गई है।
धौरहरा तहसील क्षेत्र में सोमवार की दोपहर करीब ग्यारह बजे ईसानगर के हटवा गांव के समीप बह रही घाघरा नदी में तीन किशोरियां डूब गईं , शोर सुनकर स्थानीय ग्रामीण किसान हरिनारायन नदी में कूद पड़े और किसी तरह फिरोजाबाद निवासी प्यारेलाल की 11 वर्षीय बेटी शैलेद्री को सुरक्षित बचा लिया, जबकि फिरोजाबाद निवासी राम प्रसाद की 10 वर्षीय बेटी गोल्डी और प्यारेलाल की 16 वर्षीय बेटी सुनीता नदी के तेज बहाव में बह कर लापता हो गईं। सूचना पाकर एसडीएम राशि कृष्णा, सीओ शमशेर बहादुर सिंह व थानाध्यक्ष बृजेश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। स्थानीय गोताखोरों और तैराकों ने घाघरा नदी में काफी दूर तक सुनीता और गोल्डी को तलाश किया, लेकिन दोनों को बरामद नहीं किया जा सका। परिजनों में चीख पुकार मची हुई है।



