सैदपुर/गाजीपुर : श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा की तैयारियों का एएसपी सिटी ने लिया जायजा

श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा की तैयारियों का एएसपी सिटी ने लिया जायजा
बूढ़ेनाथ महादेव मंदिर व गंगा घाट का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

सैदपुर/गाजीपुर, 1 अगस्त। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने थाना सैदपुर क्षेत्र स्थित बूढ़ेनाथ महादेव मंदिर परिसर एवं गंगा घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों की सुविधा तथा सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित करें अधिकारियों ने मंदिर परिसर एवं गंगा घाट पर लगे सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम, पार्किंग स्थल, बैरिकेडिंग तथा स्नान पर्व के दौरान लागू किए गए रूट डायवर्जन की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश दिए।इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक सैदपुर सहित थाना पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी यात्रा के दौरान यातायात एवं सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।


