भारत

दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में शिक्षक की मौत,चाचा समेत दो युवक गंभीर घायल, वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर

दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में शिक्षक की मौत,चाचा समेत दो युवक गंभीर घायल, वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर

सादात (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के मजुई गांव के पास शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादात भिजवाया।मृतक की पहचान 25 वर्षीय छोटू राम पुत्र राम पुकार राम निवासी इकरा, थाना सादात के रूप में हुई है। वहीं घायलों में मृतक के चाचा 50 वर्षीय सुरेश राम तथा दूसरी बाइक पर सवार 30 वर्षीय सूरज बनवासी पुत्र काशी बनवासी निवासी मुड़ियारी खेताबपुर, थाना भुड़कुड़ा शामिल हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मजुई गांव के समीप दोनों बाइकें आमने-सामने टकरा गईं, जिससे तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल सभी को सीएचसी सादात पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सुरेश राम और सूरज बनवासी को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।घटना की सूचना पाकर सीएचसी पहुंचे मृतक के पिता राम पुकार राम ने बताया कि उनका पुत्र छोटू राम प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक था और लगभग तीन वर्ष पूर्व नियुक्ति मिलने के बाद बिहार में कार्यरत था। उन्होंने बताया कि छोटू की अभी शादी नहीं हुई थी। घटना के समय वह अपने चाचा सुरेश राम के साथ बाइक से जा रहा था। सुरेश राम हिंडालको में कार्यरत हैं और दुर्घटना में उनके सिर एवं पैर में गंभीर चोटें आई हैं।थानाध्यक्ष पन्नेलाल यादव ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button