बेटी की विदाई के कुछ घंटे बाद गिरी मौत बनकर आकाशीय बिजली,शादी का सामान समेट रहे किसान की मौके पर मौत, परिवार में मचा कोहराम

बेटी की विदाई के कुछ घंटे बाद गिरी मौत बनकर आकाशीय बिजली,शादी का सामान समेट रहे किसान की मौके पर मौत, परिवार में मचा कोहराम

सादात (गाजीपुर)। क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में आकाशीय बिजली गिरने से 55 वर्षीय किसान पन्ना लाल पुत्र श्यामलाल की मौके पर ही मौत हो गई। बेटी की शादी की खुशियां अभी घर से विदा भी नहीं हुई थीं कि अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया।जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को पन्ना लाल की पुत्री करीना की शादी संपन्न हुई थी। शनिवार सुबह बेटी की विदाई के बाद पन्ना लाल शादी समारोह में लगाए गए टेंट एवं अन्य सामान को समेटने में लगे थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बारिश से बचाने के लिए पन्ना लाल बाहर रखे सामान को हटाने का प्रयास कर रहे थे। तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी गीता देवी, पुत्र विशाल तथा अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी की खुशियों के बीच अचानक हुई इस त्रासदी से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।ग्रामीणों ने बताया कि पन्ना लाल मेहनती, सरल स्वभाव और मिलनसार व्यक्ति थे। वह खेती-बाड़ी एवं पशुपालन के जरिए अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके निधन से परिवार के सामने आर्थिक और सामाजिक संकट खड़ा हो गया है।ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि पन्ना लाल परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे और उनकी मृत्यु से परिवार को बड़ा झटका लगा है।भीमापार चौकी प्रभारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से किसान की मौत हुई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।



