क्राइमभारत

अपराध नियंत्रण से लेकर आधुनिक पुलिसिंग तक, गाजीपुर पुलिस ने लिखी सफलता की नई इबारत

अपराध नियंत्रण से लेकर आधुनिक पुलिसिंग तक, गाजीपुर पुलिस ने लिखी सफलता की नई इबारत

2017 से अब तक हजारों अपराधियों पर कार्रवाई, करोड़ों की अवैध संपत्ति जब्त

गाजीपुर। जनपद गाजीपुर पुलिस ने वर्ष 2017 से अब तक अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था सुदृढ़ीकरण और आधुनिक पुलिसिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। पुलिस विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार इस अवधि में हत्या, लूट, चोरी तथा महिला संबंधी अपराधों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है, वहीं संगठित अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाकर बड़ी सफलता प्राप्त की गई है।पुलिस आंकड़ों के अनुसार एनडीपीएस एक्ट के तहत 626 मुकदमे दर्ज कर 779 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 3114 किलोग्राम गांजा तथा 33.834 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 75 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।आबकारी अधिनियम के अंतर्गत 3973 मुकदमे दर्ज कर 4712 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से 1 लाख 68 हजार 339 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। वहीं शस्त्र अधिनियम के तहत 1875 मुकदमों में 2140 अभियुक्तों की गिरफ्तारी करते हुए 2089 अवैध हथियार और 2791 कारतूस बरामद किए गए।संगठित अपराध के विरुद्ध चलाए गए अभियान के तहत गैंगस्टर एक्ट में 335 मुकदमे दर्ज कर 1341 अभियुक्तों को जेल भेजा गया। इसके अतिरिक्त 151 मामलों में गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए अपराधियों की लगभग 2 अरब 66 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य की संपत्तियां जब्त की गईं।पुलिस मुठभेड़ों के दौरान 112 मामलों में कार्रवाई की गई, जिसमें तीन अपराधियों की मृत्यु हुई तथा 136 अपराधी घायल हुए। वहीं प्रभावी पैरवी के चलते 1768 मुकदमों में 2673 अभियुक्तों को न्यायालय से सजा दिलाई गई। इनमें 232 अभियुक्तों को आजीवन कारावास तथा दो अभियुक्तों को मृत्युदंड की सजा सुनाई गई।गोवध अधिनियम के अंतर्गत 600 मुकदमे दर्ज कर 1729 आरोपितों की गिरफ्तारी की गई। साथ ही 3606 गोवंश को मुक्त कराया गया तथा 454 वाहनों को जब्त किया गया। गोवध से जुड़े 88 मामलों में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई।पुलिस विभाग द्वारा आधारभूत संरचना के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। नवसृजित थाना रामपुर मांझा के प्रशासनिक भवन, सैदपुर अग्निशमन केंद्र, जनपदीय साइबर थाना भवन, पचरासी पुलिस चौकी, गोरारी एवं पैकवली चौकी तथा थाना बिरनो के भवनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा पुलिस लाइन में 150 क्षमता वाली आधुनिक बैरक, बाउंड्रीवाल, सीसी रोड और अन्य विकास कार्य कराए जा रहे हैं।पुलिस बल को सशक्त बनाने के लिए इस अवधि में 2496 नए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं पुलिसकर्मियों के कल्याण हेतु पुलिस लाइन में क्रेच, बैडमिंटन कोर्ट, क्रिकेट ग्राउंड और पुलिस कैफे का निर्माण कराया गया है। साथ ही नियमित रूप से योग एवं स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन भी किया जा रहा है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधमुक्त एवं सुरक्षित वातावरण स्थापित करने के लिए भविष्य में भी इसी प्रकार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button