जखनियां (गाजीपुर) : जखनियां तहसील में डीएम अनुपम शुक्ला का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

जखनियां तहसील में डीएम अनुपम शुक्ला का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

जखनियां (गाजीपुर)। जनपद के नवागत जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मंगलवार को जखनियां तहसील का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके अचानक दौरे से तहसील परिसर में हड़कंप मच गया और अधिकारी-कर्मचारी सक्रिय हो उठे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील के विभिन्न कक्षों का बारीकी से निरीक्षण किया और कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने किसानों से जुड़ी समस्याओं पर विशेष ध्यान देते हुए फसल जलने से हुए नुकसान के मुआवजे तथा फार्मर रजिस्ट्री पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी किसान जल्द से जल्द अपनी फार्मर रजिस्ट्री कराएं, जिससे सरकार द्वारा मिलने वाली योजनाओं का लाभ सीधे उनके खाते में पहुंच सके।
तहसील परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं ने पेयजल की समुचित व्यवस्था न होने की समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखी। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि जल्द से जल्द तहसील परिसर में पेयजल की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान कुछ फरियादी भी अपनी शिकायत लेकर जिलाधिकारी के पास पहुंचे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण किया जाए।
इस मौके पर उपजिलाधिकारी जखनियां, खंड विकास अधिकारी सहित तहसील के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी। आज जिलाधिकारी के निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी जखनिया अतुल कुमार सहित तहसील के समस्त अधिकारी कर्मचारी गण उपस्थित रहे।



