Breaking Newsभारत

गाजीपुर : परिवार परामर्श केंद्र की पहल रंग लाई: 5 बिछड़े दंपतियों का हुआ समझौता, हंसी-खुशी साथ लौटे घर

परिवार परामर्श केंद्र की पहल रंग लाई: 5 बिछड़े दंपतियों का हुआ समझौता, हंसी-खुशी साथ लौटे घर

गाजीपुर, 26 जुलाई 2026। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संचालित महिला सहायता प्रकोष्ठ एवं परिवार परामर्श केंद्र ने एक बार फिर पारिवारिक रिश्तों को जोड़ने में सराहनीय सफलता हासिल की है। शनिवार को आयोजित परामर्श सत्र में आपसी मतभेद के कारण अलग रह रहे पांच दंपतियों के बीच सफल मध्यस्थता कराकर उन्हें पुनः साथ रहने के लिए राजी किया गया। सभी दंपतियों ने पुराने गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे का साथ निभाने का संकल्प लिया और उन्हें खुशी-खुशी विदा किया गया।महिला सहायता प्रकोष्ठ एवं परिवार परामर्श केंद्र में शनिवार को पति-पत्नी के विवाद से संबंधित कुल 43 मामलों की सुनवाई की गई। इनमें लंबे समय से लंबित चल रहे 5 मामलों में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर समझाइश और मध्यस्थता कराई गई। बिना किसी दबाव के दोनों पक्ष आपसी सहमति से साथ रहने को तैयार हुए, जिसके बाद उनकी सकुशल विदाई कराई गई।इसके अलावा 8 मामलों में समझौता होने के बाद पत्रावलियां बंद कर दी गईं, जबकि 12 मामलों में पक्षकारों को आवश्यक विधिक सलाह प्रदान करते हुए पत्रावलियों का निस्तारण किया गया। जिन मामलों में अभी सहमति नहीं बन सकी, उनमें अगली सुनवाई की तिथि निर्धारित की गई।इस दौरान परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलर विक्रमादित्य मिश्र, वीरेंद्र नाथ राम, कमरुद्दीन, मनोरमा राय एवं पूजा श्रीवास्तव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं महिला प्रकोष्ठ प्रभारी उपनिरीक्षक नीतू मिश्रा, महिला आरक्षी रागिनी चौबे, संध्या एवं अभिलाषा सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने भी मध्यस्थता प्रक्रिया को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया।पुलिस विभाग का कहना है कि परिवार परामर्श केंद्र का उद्देश्य पारिवारिक विवादों का शांतिपूर्ण समाधान कर रिश्तों को टूटने से बचाना है। केंद्र के माध्यम से लगातार दंपतियों के बीच संवाद स्थापित कर आपसी मतभेद दूर करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे परिवारों में फिर से खुशहाली लौट सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button