Breaking Newsभारत

गाजीपुर : गाजीपुर में अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई: 20 शातिर अपराधी छह माह के लिए तड़ीपार, ढोल-नगाड़ों के साथ कराई गई मुनादी

गाजीपुर में अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई: 20 शातिर अपराधी छह माह के लिए तड़ीपार, ढोल-नगाड़ों के साथ कराई गई मुनादी

गाजीपुर, 26 जुलाई 2026। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 शातिर अपराधियों एवं हिस्ट्रीशीटरों को छह माह के लिए जनपद गाजीपुर की सीमा से तड़ीपार (जिलाबदर) कर दिया है। जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में रविवार को संबंधित थाना क्षेत्रों की पुलिस ने ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराते हुए आदेश की तामील कराई और निष्कासन की कार्रवाई पूरी की।पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपदीय पुलिस द्वारा भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी गाजीपुर ने 16 जुलाई एवं 21 जुलाई 2026 को उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम, 1970 की धारा 2(बी) के तहत इन सभी अपराधियों को “गुंडा” घोषित करते हुए अधिनियम की धारा 3(1) के अंतर्गत छह माह के लिए जनपद गाजीपुर की सीमा से निष्कासित करने का आदेश पारित किया था रविवार को जनपद के विभिन्न थाना प्रभारी एवं थानाध्यक्ष अपने-अपने थाना क्षेत्रों में नामित अपराधियों के घर पहुंचे। वहां ढोल-नगाड़ों के साथ सार्वजनिक रूप से मुनादी कराई गई तथा जिला बदर के आदेश की प्रति उनके आवासों पर तामील कराई गई। इस कार्रवाई का उद्देश्य आमजन को आदेश की जानकारी देना और कानून-व्यवस्था के प्रति प्रशासन की सख्ती का संदेश देना रहा।पुलिस प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि जिला बदर किए गए किसी भी व्यक्ति को अपने यहां शरण न दें। यदि कोई व्यक्ति निष्कासित अपराधी को संरक्षण देता है या प्रशासनिक आदेश का उल्लंघन करता है, तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिलाबदर किए गए प्रमुख अपराधियों में शामिल हैं:राजदीप यादव (रामपुर मांझा), ज्ञानप्रकाश पाण्डेय (करंडा), शुभम राजभर (मरदह), सलाम कुरैशी (सैदपुर), भीम साहनी (कासिमाबाद), विद्यासागर राय एवं शिवानंद राय (मुहम्मदाबाद), अच्छेलाल बिंद (कोतवाली), दीपक बिंद, राकेश, विनीत राय एवं आकाश राय (सुहवल), संदीप यादव एवं ओमप्रकाश यादव (मुहम्मदाबाद), संदीप यादव (भांवरकोल), बबलू चौहान (कोतवाली), सोनू यादव एवं रविन्द्र यादव (दुल्लहपुर), संजय यादव (भूड़कुड़ा) तथा तारकेश्वर राय उर्फ टुन्नू राय (जंगीपुर) सहित कुल 20 अपराधी शामिल हैं।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगा। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि आम नागरिकों में सुरक्षा का वातावरण बना रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button