Breaking Newsभारत

गाजीपुर : दिलदारनगर में नवनिर्मित कान्हा गौशाला का हुआ उद्घाटन, किसानों को वितरित किए गए आधुनिक कृषि यंत्र

दिलदारनगर में नवनिर्मित कान्हा गौशाला का हुआ उद्घाटन, किसानों को वितरित किए गए आधुनिक कृषि यंत्र

जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा- गौशालाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था, जैविक खेती और प्राकृतिक कृषि को देंगी नई मजबूती

गाजीपुर, 17 जून, 2026 । तहसील सेवराई क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत दिलदारनगर के ग्राम उसियां में पशुपालन, कृषि विकास एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत नवनिर्मित कान्हा गौशाला का उद्घाटन जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय एवं नगर पंचायत दिलदारनगर के अध्यक्ष द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया।उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने गौशाला परिसर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं अन्य अतिथियों ने गौ-माता को गुड़, रोटी और केला खिलाकर गौसेवा एवं पशु संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों एवं पशुपालकों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि गौशालाएं केवल निराश्रित गोवंश के संरक्षण का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, जैविक खेती तथा प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देने का भी सशक्त आधार हैं। उन्होंने कहा कि गौवंश आधारित कृषि पद्धतियां किसानों की लागत कम करने तथा पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।उन्होंने कहा कि शासन द्वारा पशुपालन एवं कृषि क्षेत्र के विकास हेतु अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ किसानों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने तथा सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग द्वारा किसानों को विभिन्न आधुनिक कृषि यंत्रों का वितरण भी किया गया। कृषि यंत्र प्राप्त करने वाले किसानों ने शासन एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन उपकरणों से खेती-किसानी के कार्यों में सुविधा होगी तथा उत्पादन क्षमता में वृद्धि होगी। अधिकारियों ने किसानों को कृषि यंत्रों के उपयोग, रखरखाव एवं आधुनिक खेती की तकनीकों की भी जानकारी प्रदान की।भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार किसानों, पशुपालकों तथा ग्रामीणों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। गौसंरक्षण, कृषि उन्नयन तथा ग्रामीण विकास की योजनाओं से गांवों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है और किसानों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्राप्त हो रहा है।इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सेवराई संजय यादव, तहसीलदार सेवराई, भाजपा महामंत्री विष्णु प्रताप सिंह, संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, कृषि एवं पशुपालन विभाग के कर्मचारी, किसान तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन किसानों एवं ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button