
राइफल क्लब परिसर में लगी प्रदर्शनी में 25 वर्षों की जनसेवा और विकास कार्यों की झलक
गाजीपुर। जन सेवा से राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत राइफल क्लब परिसर में लगाई गई प्रदर्शनी का बुधवार को दूसरे दिन भाजपा पदाधिकारियों ने अवलोकन किया। अभियान के तहत जनसेवा, विकास एवं जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियों को आमजन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह एवं जिला मंत्री राजेश राजभर ने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों, चित्रों और प्रदर्शित सामग्री का अवलोकन किया। उन्होंने 25 वर्षों की जनसेवा से जुड़े कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली।इस अवसर पर कृष्ण बिहारी राय ने कहा कि जन सेवा से राष्ट्र सेवा की 25 वर्ष की यात्रा सेवा, समर्पण और जनकल्याण के संकल्प को दर्शाती है। प्रदर्शनी के माध्यम से सेवा एवं विकास से जुड़े कार्यों को क्रमबद्ध तरीके से प्रदर्शित किया गया है, ताकि आमजन को इन प्रयासों की जानकारी आसानी से मिल सके।उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य सेवा कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास एवं जनकल्याण की गतिविधियों से जोड़ना है। प्रदर्शनी में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण, गरीब कल्याण, किसान हित सहित विभिन्न जनकल्याणकारी विषयों से संबंधित कार्यों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है।अवलोकन के दौरान पदाधिकारियों ने विभिन्न स्टॉलों पर उपलब्ध सामग्री की जानकारी ली तथा अभियान के उद्देश्यों को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने को लेकर चर्चा की।इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, जिला उपाध्यक्ष दयाशंकर पांडेय, जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा, जिला मंत्री हंसराज राजभर, किरण सिंह, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष साधना राय, कार्तिक गुप्ता एवं अजीत सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



