Breaking Newsभारत

लगातार खबरों और सामाजिक संगठनों की पहल का असर, जखनियां स्टेशन की जर्जर सड़क पर डाली जा रही गिट्टी

लगातार खबरों और सामाजिक संगठनों की पहल का असर, जखनियां स्टेशन की जर्जर सड़क पर डाली जा रही गिट्टी

जखनियां। गाजीपुर। जखनियां रेलवे स्टेशन परिसर की लंबे समय से बदहाल और गड्ढों में तब्दील सड़क की समस्या को लेकर लगातार उठाई जा रही आवाज का असर अब दिखाई देने लगा है। रविवार को रेलवे विभाग की ओर से स्टेशन परिसर की जर्जर सड़क पर गिट्टी डालने का कार्य शुरू कर दिया गया। इससे स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों और स्थानीय लोगों में राहत की उम्मीद जगी है।बताते चलें कि जखनियां रेलवे स्टेशन की सड़क काफी समय से जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी थी। बारिश के दिनों में इन गड्ढों में पानी भर जाने के कारण स्थिति और भी खराब हो जाती थी। यात्रियों, राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को स्टेशन तक पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई स्थानों पर सड़क की हालत इतनी खराब हो गई थी कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया था।इस समस्या को लेकर समाचार पत्रों के माध्यम से लगातार रेलवे विभाग और संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया जाता रहा। वहीं स्थानीय सामाजिक संगठनों और नागरिकों की ओर से भी पत्रक एवं अन्य माध्यमों से स्टेशन परिसर की सड़क की बदहाली को दूर कराने की मांग उठाई जाती रही। लोगों का कहना था कि जखनियां एक महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन होने के कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है, ऐसे में स्टेशन की पहुंच मार्ग की स्थिति बेहतर होना आवश्यक है।लगातार शिकायतों और मांगों के बाद अब रेलवे विभाग की ओर से सड़क पर गिट्टी डालने का कार्य शुरू कराया गया है। रविवार को कर्मचारियों द्वारा सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों पर गिट्टी डाली जाती देख स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। लोगों को उम्मीद है कि गिट्टी डालने के बाद सड़क का समुचित समतलीकरण एवं आवश्यक मरम्मत कार्य भी कराया जाएगा, जिससे लंबे समय से बनी समस्या का स्थायी समाधान हो सके।स्थानीय नागरिकों ने कहा कि समाचार पत्रों में लगातार प्रमुखता से खबर प्रकाशित होने तथा सामाजिक संगठनों द्वारा समस्या को उठाए जाने के बाद रेलवे विभाग द्वारा संज्ञान लिया जाना सराहनीय कदम है। लोगों ने मांग की कि केवल गिट्टी डालने तक कार्य सीमित न रहे, बल्कि सड़क का स्थायी निर्माण कराया जाए, ताकि यात्रियों को लंबे समय तक राहत मिल सकेजखनियां रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन आसपास के दर्जनों गांवों के लोग आवागमन करते हैं। ऐसे में स्टेशन परिसर की सड़क का दुरुस्त होना यात्रियों की सुविधा के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button