भारत विकास परिषद की ‘भारत को जानो’ शाखा स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित
‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता में 8 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने लिया भाग

‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता में 8 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने लिया भाग
लखनऊ। भारत विकास परिषद, पूर्वी शाखा, अवध प्रांत की ओर से रविवार को भारतीय विद्या भवन पब्लिक स्कूल, विनीत खंड, गोमतीनगर में शाखा स्तरीय ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 8 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने दो वर्गों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष टी. एन. मिश्रा ने की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. भरत राज सिंह, सेवानिवृत्त प्रबंध निदेशक, यू.पी.आर.एन.एन. रहे। वहीं प्रांतीय गतिविधि संयोजक—संस्कार एवं प्रांतीय पर्यवेक्षक श्री संजीव नंदी सहित परिषद के अनेक राष्ट्रीय, क्षेत्रीय एवं प्रांतीय दायित्वधारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके बाद भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर सामूहिक वंदे मातरम् गायन किया गया। शाखा अध्यक्ष टी. एन. मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ, शॉल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया।
दोनों वर्गों की प्रतियोगिता क्विज मास्टर द्वारा कराई गई, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी ज्ञान एवं प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दोनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि ने पुरस्कार प्रदान किए। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।
दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यालयों की टीमें 6 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली प्रांत स्तरीय ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता में शाखा का प्रतिनिधित्व करेंगी।
मुख्य अतिथि डॉ. भरत राज सिंह ने अपने संबोधन में भारत विकास परिषद द्वारा किए जा रहे सेवा एवं सामाजिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ‘भारत को जानो’ जैसे आयोजन विद्यार्थियों को देश की संस्कृति, इतिहास, परंपराओं एवं गौरवशाली विरासत से परिचित कराने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।
कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में शाखा सचिव सुनील कुमार पांडेय, संस्कार संयोजिका स्नेहा अग्रवाल एवं अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा। मंच संचालन स्नेहा अग्रवाल ने किया। अंत में सचिव सुनील कुमार पांडेय ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।



