गाजीपुर : बिरनो के बद्दोपुर गोआश्रय स्थल संचालन के लिए आवेदन आमंत्रित

बिरनो के बद्दोपुर गोआश्रय स्थल संचालन के लिए आवेदन आमंत्रित
पात्र एनजीओ, ट्रस्ट एवं गौसेवा संस्थाएं 14 अगस्त तक कर सकती हैं आवेदन, चयनित संस्था को तीन वर्षों तक मिलेगा संचालन का दायित्व
गाजीपुर। विकास खंड बिरनो के ग्राम पंचायत बद्दोपुर स्थित अस्थायी गोआश्रय स्थल के सुचारु संचालन के लिए जिला प्रशासन ने पात्र एवं अनुभवी एनजीओ, ट्रस्ट, गौसेवा संस्थाओं, एफपीओ तथा पंजीकृत समितियों से रुचि की अभिव्यक्ति (ईओआई) आमंत्रित की है। वर्तमान में इस गोआश्रय स्थल पर 176 निराश्रित गोवंश संरक्षित हैं।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर जारी विज्ञप्ति के अनुसार चयनित संस्था को गोवंशों के संरक्षण, भरण-पोषण, चारा-पानी, स्वच्छता, टीकाकरण, टैगिंग, गोबर एवं गौमूत्र आधारित उत्पादों के प्रबंधन, अभिलेख संधारण तथा ऑनलाइन पोर्टल पर नियमित प्रविष्टि सहित शासन के सभी दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।आवेदन करने वाली संस्था का विधिवत पंजीकृत होना आवश्यक है। गौ संरक्षण, पशुपालन अथवा सामाजिक क्षेत्र में कार्य का अनुभव रखने वाली संस्थाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही पिछले तीन वर्षों के ऑडिट प्रतिवेदन, पंजीकरण प्रमाणपत्र, अनुभव प्रमाणपत्र, वित्तीय विवरण एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।इच्छुक संस्थाएं अपना प्रस्ताव 14 अगस्त 2026 को शाम 5 बजे तक मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, विकास भवन, गाजीपुर स्थित कार्यालय में सीलबंद लिफाफे में जमा कर सकती हैं। प्राप्त प्रस्तावों का परीक्षण चयन समिति द्वारा किया जाएगा तथा पात्र संस्थाओं को प्रस्तुतीकरण के लिए भी आमंत्रित किया जा सकता है।चयनित संस्था को पशुपालन विभाग के साथ एमओयू हस्ताक्षरित करना होगा, जिसके आधार पर तीन वर्षों तक गोआश्रय स्थल का संचालन किया जाएगा। शासन द्वारा गोवंशों के भरण-पोषण हेतु प्रति गोवंश प्रतिदिन 50 रुपये की निर्धारित धनराशि डीबीटी के माध्यम से प्रतिमाह उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि व्यवस्था में कमी पाए जाने पर किसी भी समय संचालन का दायित्व वापस लिया जा सकता है तथा किसी भी प्रस्ताव को बिना कारण बताए निरस्त करने का अधिकार सुरक्षित रहेगा।



