गाजीपुर : 12 सितंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण की तैयारी शुरू

12 सितंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण की तैयारी शुरू
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद में 12 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन जनपद न्यायालय गाजीपुर के साथ-साथ वाह्य न्यायालय सैदपुर, मुहम्मदाबाद तथा ग्राम न्यायालय जखनियां एवं जमानियां सहित विभिन्न सरकारी प्रतिष्ठानों में संपन्न होगा।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव नीरज गोंड ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार इस बार भी उत्तराधिकार प्रमाण पत्र, छोटे एवं लघु दाण्डिक वाद, पारिवारिक वाद, धारा-138 एनआई एक्ट के मामले, स्टाम्प एवं पंजीयन वाद, मोटर दुर्घटना दावा, चकबंदी, श्रम, उपभोक्ता फोरम, वाट-माप प्रचलन अधिनियम, कराधान, बिजली चोरी तथा अन्य सुलह योग्य मामलों का निस्तारण किया जाएगा।उन्होंने बताया कि वैवाहिक विवादों सहित अन्य मामलों का समाधान सुलह-समझौता एवं मध्यस्थता के माध्यम से कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक मामलों का आपसी सहमति से निस्तारण हो सके और आमजन को त्वरित एवं सुलभ न्याय का लाभ मिल सके।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने संबंधित विभागों एवं पक्षकारों से अपील की है कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाते हुए अपने मामलों का सौहार्दपूर्ण ढंग से निस्तारण कराएं।



