गाजीपुर : गौशाला और आंगनबाड़ी केंद्र का डीएम ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं और बेहतर बनाने के दिए निर्देश

गौशाला और आंगनबाड़ी केंद्र का डीएम ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं और बेहतर बनाने के दिए निर्देश

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बुधवार को आईटीआई सदर स्थित अस्थायी गौशाला (नगर पालिका परिषद) एवं मोहनपुरा आंगनबाड़ी केंद्र का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने पर जोर दिया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौशाला में गोवंश के लिए उपलब्ध हरे चारे और भूसे की मात्रा का निरीक्षण किया तथा इनके समुचित भंडारण एवं नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिजली कनेक्शन, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और पशु मृत्यु रजिस्टर की भी गहन जांच की। गौशाला परिसर में इंटरलॉकिंग कार्य अधूरा मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इसे प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि गोवंश के रखरखाव में किसी प्रकार की असुविधा न हो।इसके बाद जिलाधिकारी ने मोहनपुरा आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण रजिस्टर का अवलोकन किया और रजिस्टर में दर्ज एक लाभार्थी से फोन पर संपर्क कर उसके स्वास्थ्य एवं टीकाकरण की जानकारी ली। व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को आशा कार्यकर्ताओं का नियमित प्रशिक्षण आयोजित कराने के निर्देश दिए, ताकि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में और सुधार हो सके।जिलाधिकारी ने बच्चों के जन्म पंजीकरण रजिस्टर और टीकाकरण अभिलेखों की भी जांच की। उन्होंने एक बच्चे के अभिभावक से संपर्क कर स्वास्थ्य एवं दवा संबंधी जानकारी प्राप्त की। साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर शीघ्र विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए, जिससे बच्चों और गर्भवती महिलाओं को बेहतर वातावरण में सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।निरीक्षण के दौरान पशु चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं सदर एसडीएम सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



