जखनिया (गाजीपुर) : स्वास्थ्य शिविर में किशोरियों को लगे एचपीवी टीके, बच्चों का भी हुआ नियमित टीकाकरण

स्वास्थ्य शिविर में किशोरियों को लगे एचपीवी टीके, बच्चों का भी हुआ नियमित टीकाकरण
सर्वाइकल कैंसर सहित गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने चलाया जागरूकता एवं टीकाकरण अभियान

जखनिया (गाजीपुर)। तहसील जखनिया अंतर्गत ग्राम सभा अलीपुर मदरा स्थित स्वर्गीय राम नगीना सिंह इंटर कॉलेज परिसर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष टीकाकरण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में किशोरियों एवं बच्चों का विभिन्न गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण किया गया तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी गई।कार्यक्रम के दौरान 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिकोमा वायरस) वैक्सीन लगाई गई। वहीं 5 वर्ष, 10 वर्ष एवं 16 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को डीपीटी एवं टीडी के टीके लगाए गए, जो गला घोंटू (डिप्थीरिया), काली खांसी (पर्टुसिस) तथा टिटनेस जैसी गंभीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करते हैं।स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उपस्थित छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं शिक्षकों को टीकाकरण के महत्व, बीमारियों की रोकथाम, स्वच्छता तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। चिकित्सकों ने बताया कि समय पर टीकाकरण बच्चों और किशोरियों को कई गंभीर एवं जानलेवा बीमारियों से सुरक्षित रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है।इस अवसर पर एएनएम रिंदू पांडे, शोध अधिकारी इंद्रदेव, स्वास्थ्य मिशन अधिकारी विनोद कुमार यादव तथा स्वास्थ्य पर्यवेक्षक मानवेदू पांडे रानू सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही। कार्यक्रम में प्रधान प्रतिनिधि सर्वानंद सिंह (झुन्ना), विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण भी उपस्थित रहे।स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे शासन द्वारा संचालित टीकाकरण कार्यक्रमों का लाभ उठाएं और बच्चों तथा किशोरियों का समय पर टीकाकरण कराकर उन्हें गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखें।



