गाजीपुर : मुख्तार अंसारी गैंग के मुख्य शार्प शूटर अंगद राय की 9.50 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क

मुख्तार अंसारी गैंग के मुख्य शार्प शूटर अंगद राय की 9.50 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क
गाजीपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गैंगस्टर एक्ट के तहत पत्नी के नाम खरीदी गई अचल संपत्ति जब्त

गाजीपुर, 3 अगस्त। जनपद गाजीपुर पुलिस ने संगठित अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए आईएस-191 गैंग के सरगना रहे कुख्यात माफिया डॉन मुख्तार अंसारी (मृतक) के मुख्य शार्प शूटर एवं गैंग सहयोगी अंगद राय उर्फ झूलन की अपराध से अर्जित संपत्ति को कुर्क कर जब्तीकरण की कार्रवाई की है। कुर्क की गई संपत्ति का अनुमानित बाजार मूल्य 9 करोड़ 50 लाख रुपये बताया गया है।पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे के आधार पर प्रभारी निरीक्षक की आख्या एवं पुलिस अधीक्षक की संस्तुति पर जिलाधिकारी गाजीपुर ने उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 की धारा 14(1) के अंतर्गत कुर्की आदेश पारित किया था। इसी आदेश के अनुपालन में सोमवार को संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में संपत्ति को विधिवत कुर्क कर जब्तीकरण की कार्रवाई की गई।पुलिस का कहना है कि अभियुक्त अंगद राय उर्फ झूलन, निवासी शेरपुर खुर्द थाना भांवरकोल, ने संगठित अपराधों से अर्जित धन से अपनी पत्नी सरिता राय के नाम पर मुहम्मदाबाद तहसील क्षेत्र के मौजा गिरधरिया में आवासीय संपत्ति खरीदी थी। जांच में यह संपत्ति अपराध से अर्जित धन से खरीदी गई पाए जाने पर उसे कुर्क कर लिया गया।कुर्क की गई संपत्ति में लगभग 127 वर्गमीटर भूमि तथा उस पर निर्मित द्वितीय श्रेणी का आवासीय भवन शामिल है। यह संपत्ति व्यावसायिक गतिविधियों वाले क्षेत्र में स्थित होने के कारण इसकी अनुमानित कीमत 9.50 करोड़ रुपये आंकी गई है।पुलिस के अनुसार, अभियुक्त अंगद राय के विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, आपराधिक षड्यंत्र, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, एससी/एसटी एक्ट तथा अन्य गंभीर धाराओं में 25 आपराधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं।यह कार्रवाई थाना कोतवाली में दर्ज मु0अ0सं0-314/2023, धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत की गई। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार मुहम्मदाबाद महेंद्र बहादुर, थानाध्यक्ष भांवरकोल रोहित मिश्र, चौकी प्रभारी रजागंज अभिनव गुप्ता, क्षेत्रीय लेखपाल संतोष राय तथा पुलिस बल मौजूद रहा।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में संगठित अपराध, माफिया गतिविधियों एवं अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



