गाजीपुर : दिल दहला देने वाली घटना: जखनियां रेलवे स्टेशन पर साबरमती एक्सप्रेस के आगे कूदा अज्ञात युवक, दर्दनाक मौत, जांच में पुलिस

दिल दहला देने वाली घटना: जखनियां रेलवे स्टेशन पर साबरमती एक्सप्रेस के आगे कूदा अज्ञात युवक, दर्दनाक मौत, जांच में पुलिस

गाजीपुर: भूडकुड़ा कोतवाली अंतर्गत जखनियां रेलवे स्टेशन पर शनिवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वाराणसी से मऊ की ओर जा रही साबरमती एक्सप्रेस के आगे एक अज्ञात युवक ने कूदकर अपनी जान दे दी। यह दर्दनाक हादसा शनिवार कों दोपहर करीब 2:05 बजे प्लेटफॉर्म संख्या एक की दूसरी लाइन पर हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों की दर्दनाक दास्तां
मौके पर मौजूद यात्रियों ने बताया कि वह युवक काफी देर से प्लेटफॉर्म पर बैठा हुआ था। जैसे ही साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन नजदीक आई, वह अचानक प्लेटफॉर्म से रेलवे ट्रैक पर कूद गया और पटरी पर अपना सिर रख दिया। यात्रियों ने उसे बचाने के लिए जोर-जोर से चिल्लाया और आवाजें लगाईं कि “ट्रेन से मत कटो!”, लेकिन युवक ने किसी की एक नहीं सुनी और ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
चालक की सूचना पर हरकत में आया रेलवे प्रशासन
घटना के तुरंत बाद ट्रेन के चालक ने मामले की सूचना दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन मास्टर को दी। सूचना मिलते ही दुल्लहपुर आरपीएफ चौकी के दरोगा विकास कुमार यादव, संजय और स्टेशन मास्टर दल-बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और इसकी सूचना औंड़िहार जीआरपी को दी।
दो घंटे तक बाधित रहा रेल यातायात
जखनियां स्टेशन मास्टर ने जानकारी दी कि इस घटना के चलते प्लेटफॉर्म संख्या 1 की दूसरी लाइन लगभग दो घंटे तक पूरी तरह बाधित रही। इस दौरान दुर्ग एक्सप्रेस सहित कई अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों को प्लेटफॉर्म नंबर 1 की मुख्य पटरी से सुरक्षित निकाला गया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची रेलवे पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और मृतक की शिनाख्त के साथ-साथ आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच-पड़ताल में जुट गई है। खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।


