गाजीपुर : पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी इमरान उर्फ भोंदू घायल, तमंचा और बाइक बरामद

पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी इमरान उर्फ भोंदू घायल, तमंचा और बाइक बरामद
कासिमाबाद-नोनहरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली, सीएचसी में कराया गया भर्ती

गाजीपुर। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को थाना कासिमाबाद और थाना नोनहरा पुलिस की संयुक्त टीम ने कुख्यात एवं शातिर अपराधी इमरान उर्फ भोंदू को पुलिस मुठभेड़ में घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा बिना नंबर की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई।पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक कासिमाबाद राजेश त्रिपाठी अपनी टीम के साथ बेद बिहारी पोखरा के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर वह वापस अटवा मोड़ की ओर भागने लगा। इसकी सूचना तत्काल थाना नोनहरा पुलिस को दी गई।पुलिस टीम की घेराबंदी के दौरान आरोपी ग्राम कागजीपुर की ओर भागा, लेकिन सड़क के तीव्र मोड़ पर मोटरसाइकिल सहित गिर पड़ा। अपने को घिरा देख उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में उसके बाएं पैर के घुटने के नीचे गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।पूछताछ में उसने अपना नाम इमरान उर्फ भोंदू पुत्र इरसाद, निवासी नोनहरा (भटोली), थाना नोनहरा, जनपद गाजीपुर, उम्र 22 वर्ष बताया। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कासिमाबाद भेजा गया।
गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना कासिमाबाद में मु.अ.सं. 295/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस एवं 3/25/27 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध गाजीपुर एवं बलिया जनपद के विभिन्न थानों में आर्म्स एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम, आबकारी अधिनियम, एससी/एसटी एक्ट तथा अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजेश त्रिपाठी (थाना कासिमाबाद) तथा थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी (थाना नोनहरा) अपनी-अपनी पुलिस टीम के साथ शामिल रहे।



