जखनिया (गाजीपुर) : बिजली समस्या को लेकर सपा के ब्लॉक अध्यक्ष वजीर भारती समर्थकों संग पहुंचे जखनिया विद्युत उप केंद्र

बिजली समस्या को लेकर सपा के ब्लॉक अध्यक्ष वजीर भारती समर्थकों संग पहुंचे जखनिया विद्युत उप केंद्र
एक माह से जला ट्रांसफार्मर बदलने और जर्जर विद्युत पोल को तत्काल दुरुस्त करने की मांग, एसडीओ ने शीघ्र समाधान का दिया आश्वासन

जखनिया (गाजीपुर)। जखनिया तहसील क्षेत्र में लगातार बनी हुई बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर मंगलवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रीय ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। समाजवादी पार्टी के जखनिया ब्लॉक अध्यक्ष वजीर भारती के नेतृत्व में लगभग 50 लोगों का प्रतिनिधिमंडल जखनिया विद्युत उपकेंद्र पहुंचा और बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग को रखा और उपखंड अधिकारी (एसडीओ) चंद्र मोहन कुमार से मुलाकात की और क्षेत्र में व्याप्त बिजली संबंधी गंभीर समस्याओं को विस्तार से रखा।एक माह से जला ट्रांसफार्मर, अंधेरे में जीने को मजबूर ग्रामीण,ब्लॉक अध्यक्ष वजीर भारती ने बताया कि गौरा-नामजद लालापुर गांव में पिछले लगभग एक माह से विद्युत ट्रांसफार्मर जला हुआ है, लेकिन विभाग द्वारा अब तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया। इसके चलते गांव के लोगों को भीषण गर्मी में बिजली के बिना भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया, जिससे लोगों में भारी नाराजगी व्याप्त है।सड़क किनारे झुका बिजली का पोल, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा,प्रतिनिधिमंडल ने शाहपुर सोम्मर राय गांव में सड़क किनारे खतरनाक स्थिति में झुके हुए बिजली के पोल का भी मुद्दा उठाया। ग्रामीणों ने बताया कि यह पोल कभी भी गिर सकता है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों की जान को खतरा बना हुआ है। इस गंभीर मामले को लेकर वजीर भारती ने विभाग के प्रति नाराजगी जताते हुए तत्काल पोल को बदलने या सुरक्षित करने की मांग की।एसडीओ ने कर्मचारियों को दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश,सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद एसडीओ चंद्र मोहन कुमार ने संबंधित कर्मचारियों से फोन पर वार्ता कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि जले हुए ट्रांसफार्मर को शीघ्र बदलने तथा जर्जर बिजली पोल की मरम्मत/प्रतिस्थापन सहित क्षेत्र की अन्य समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी नहीं होने दी जाएगी और विभाग समयबद्ध तरीके से कार्रवाई करेगा।सपा नेताओं और ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बिजली की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो विभाग के खिलाफ बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।इस दौरान समाजवादी पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष वजीर भारती, विधानसभा अध्यक्ष अवधेश यादव, राजू, क्षेत्र पंचायत सदस्य सिंपू, संतलाल भारती, जितेंद्र यादव, रामा चौधरी, सरवन कुमार, पंकज, संदीप, मानिक राज, सचिन, ज्ञानचंद, विशाल कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।


