Breaking Newsभारत

गोरखपुर : मोदी को संरक्षक मंडल में भेजकर युवा नेतृत्व को आगे लाया जाए: चौधरी सुनील सिंह

मोदी को संरक्षक मंडल में भेजकर युवा नेतृत्व को आगे लाया जाए: चौधरी सुनील सिंह

एमएसपी, स्वास्थ्य सेवाएं, बेरोजगारी व स्थानीय समस्याओं पर सरकार घिरी; 2027-29 में बड़े बदलाव का दावा

गोरखपुर। गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सुनील सिंह ने देश की वर्तमान राजनीतिक और सामाजिक स्थिति पर विस्तृत रूप से अपनी बात रखते हुए केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश को मजबूत नेतृत्व की जरूरत है, लेकिन अब समय आ गया है कि वरिष्ठ नेताओं को मार्गदर्शक की भूमिका में रखते हुए युवा नेतृत्व को आगे बढ़ने का अवसर दिया जाए। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह पूर्व में लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी को संरक्षक मंडल में स्थान दिया गया, उसी प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी संरक्षक मंडल में भेजकर नई पीढ़ी को नेतृत्व सौंपना चाहिए।
चौधरी सुनील सिंह ने कहा कि देश का किसान आज भी अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा है। न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) को लेकर लंबे समय से मांग की जा रही है, लेकिन अब तक किसानों को इसकी कानूनी गारंटी नहीं मिल सकी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण किसानों की आय नहीं बढ़ रही और उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर देश को “जगाना” है तो किसानों और मजदूरों के मुद्दों को केंद्र में रखना होगा।

स्वास्थ्य सेवाओं पर उन्होंने कहा कि एम्स जैसे बड़े अस्पतालों का निर्माण जरूर किया जा रहा है, लेकिन वहां पर्याप्त और योग्य डॉक्टरों की उपलब्धता नहीं है। उन्होंने कहा कि केवल इमारतें खड़ी कर देने से स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत नहीं होती, बल्कि जरूरी है कि वहां विशेषज्ञ डॉक्टर, आधुनिक उपकरण और बेहतर प्रबंधन हो, ताकि आम जनता को सही इलाज मिल सके।

उन्होंने गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर खाद और बीज नहीं मिल पाता, सिंचाई की समुचित व्यवस्था का अभाव है, बिजली की समस्या बनी रहती है और सड़कों की स्थिति भी कई जगह खराब है। युवाओं के लिए रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं हैं, जिससे वे पलायन करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किए बिना विकास का दावा अधूरा है।

चौधरी सुनील सिंह ने कहा कि देश में बढ़ती महंगाई, सीमित रोजगार के अवसर और आम आदमी की घटती आय गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करें और लोकतांत्रिक तरीके से उनकी आवाज उठाएं।

राजनीतिक परिदृश्य पर बात करते हुए उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में बड़ा परिवर्तन देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि 2027 और 2029 के चुनावों में “इंडिया गठबंधन” मजबूत होकर उभरेगा और 1977 की तरह देश में बदलाव की लहर आएगी। उन्होंने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और इसका असर आगामी चुनावों में साफ दिखाई देगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button