Breaking Newsभारत

गाजीपुर : फार्मर रजिस्ट्री अभियान का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश

फार्मर रजिस्ट्री अभियान का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश

गाजीपुर, 26 अप्रैल 2026
जनपद में चल रहे फार्मर रजिस्ट्री (किसान आईडी) विशेष अभियान के तहत जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने तहसील सदर के ग्राम पंचायत फतेउल्लाहपुर, इंग्लिश मीडियम प्राइमरी स्कूल सहेरी-1 करण्डा तथा तहसील सैदपुर के ग्राम सचिवालय रमरेपुर, ग्राम हथौड़ा, सिधौना और सीएससी भीतरी रोड मुस्तफाचक में चल रहे कार्यों का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि फार्मर रजिस्ट्री का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने सभी पात्र एवं छूटे किसानों की ई-केवाईसी और भू-अभिलेख सत्यापन (खतौनी-आधार लिंकिंग) सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित अन्य कृषि योजनाओं का लाभ मिल सके।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्राम सचिवालयों एवं पंचायत भवनों में नियमित रूप से कैंप आयोजित कर लंबित एवं त्रुटिपूर्ण मामलों का निस्तारण जल्द किया जाए। जिलाधिकारी ने बताया कि किसान अपने आधार कार्ड, बैंक पासबुक और खतौनी के साथ जन सेवा केंद्र या कृषि समन्वयक के माध्यम से किसान आईडी बनवा सकते हैं। यदि आधार और खतौनी में नाम में अंतर है, तो उसे पहले संशोधित कराना आवश्यक होगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि खरीफ सीजन निकट है और खाद की खरीद के लिए किसान पहचान पत्र अनिवार्य कर दिया गया है। ऐसे में किसानों को समय रहते अपनी फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण करानी चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि फार्मर रजिस्ट्री के बिना किसान खाद, बीज, कृषि यंत्र, कृषि रसायन एवं अन्य सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हो सकते हैं।उन्होंने किसानों से अपील की कि वे स्वयं आगे आकर अभियान में सहयोग करें और जन सुविधा केंद्रों या ग्राम स्तर पर आयोजित कैंपों में अपनी किसान आईडी बनवाएं।इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर, सैदपुर, नायब तहसीलदार सदर विजय कांत पाण्डेय, तहसीलदार सैदपुर हिमांशु सिंह, खंड विकास अधिकारी सैदपुर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button