गाजीपुर : 30 अप्रैल तक हर किसान की बनेगी फार्मर आईडी, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई: डीएम अनुपम शुक्ला

30 अप्रैल तक हर किसान की बनेगी फार्मर आईडी, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई: डीएम अनुपम शुक्ला

गाजीपुर, 25 अप्रैल 2026 जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों की फार्मर रजिस्ट्री का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूरा किया जाए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने इस कार्य में लगे सभी कर्मचारियों के अवकाश तत्काल प्रभाव से निरस्त करते हुए चेतावनी दी कि कार्य से अनुपस्थित पाए जाने पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारी के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी उप जिलाधिकारी एवं खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे प्रतिदिन कम से कम पांच गांवों का भ्रमण कर मौके पर समीक्षा करें और लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में अब तक 76 प्रतिशत से अधिक किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है, जिसकी संख्या 4.36 लाख से अधिक है। हालांकि अभी भी लगभग 1.35 लाख किसानों की फार्मर आईडी बनना शेष है। उन्होंने सभी तहसीलों और विकास खंडों के लिए दैनिक लक्ष्य निर्धारित करते हुए निर्देश दिए कि 30 अप्रैल तक हर हाल में सभी किसानों की फार्मर आईडी तैयार कर ली जाए।
उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि खरीफ सीजन जल्द शुरू होने वाला है और अब खाद खरीदने के लिए किसान पहचान पत्र अनिवार्य कर दिया गया है। ऐसे में सभी किसान अपने मोबाइल, आधार कार्ड और खतौनी के साथ जन सुविधा केंद्र या ग्राम पंचायतों में लगाए जा रहे कैंपों में जाकर जल्द से जल्द अपनी फार्मर रजिस्ट्री कराएं।
जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि फार्मर रजिस्ट्री के बिना किसान खाद, बीज, कृषि रसायन, कृषि यंत्रों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हो सकते हैं। जिला प्रशासन इस अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी सक्रियता से कार्य कर रहा है और गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक किया जा रहा है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, समस्त उपजिलाधिकारी, उप निदेशक कृषि, खंड विकास अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



