भारत

रेलवे ट्रैक पर मिला ट्रैक्टर चालक का शव, ट्रेन से कटकर मौत की आशंका

रेलवे ट्रैक पर मिला ट्रैक्टर चालक का शव, ट्रेन से कटकर मौत की आशंका

घटनास्थल से बाइक बरामद, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा

सैदपुर (गाजीपुर)। सैदपुर थाना क्षेत्र के हसनपुर डगरा गांव के समीप गोरखपुर-औड़िहार रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार देर रात एक 55 वर्षीय ट्रैक्टर चालक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय स्थित मोर्चरी भेज दिया।मृतक की पहचान अदालत यादव (55) पुत्र स्व. दीनानाथ यादव निवासी रावल गांव, कोतवाली सैदपुर के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह मूल रूप से खानपुर थाना क्षेत्र के मौधा गांव के निवासी थे, लेकिन पिछले कई वर्षों से ससुराल रावल गांव में रहकर संपत्ति की देखभाल कर रहे थे और ट्रैक्टर चालक के रूप में कार्य करते थे।शनिवार को मृतक के सबसे छोटे पुत्र शिव प्रकाश की सूचना पर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की गई। परिजनों के अनुसार अदालत यादव अपनी पत्नी लक्ष्मीना देवी के साथ कुछ दिन पूर्व मौधा गांव स्थित पैतृक घर गए थे, जहां पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे को लेकर चर्चा चल रही थी। इस संबंध में एक दिन पहले मौधा पुलिस चौकी पर पंचायत भी हुई थी।मृतक के पुत्र शिव प्रकाश ने बताया कि परिवार को यह जानकारी नहीं है कि उनके पिता किन परिस्थितियों में रात के समय रेलवे ट्रैक तक पहुंचे और हादसे का शिकार हो गए। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है। मृतक अपने पीछे पत्नी, तीन पुत्रों और एक पुत्री का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह ने बताया कि घटनास्थल से मृतक की बाइक बरामद हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button