भारतशिक्षा

मेरे सपनों का भारत चित्रों में साकार, बच्चों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

मेरे सपनों का भारत चित्रों में साकार, बच्चों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

 

गाजीपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर सोमवार को जनपद के विभिन्न विकासखंडों के परिषदीय विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा पांच से आठ तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी कल्पनाओं को रंगों और रेखाओं के माध्यम से कागज पर उकेरा।विकासखंड भदौरा, बिरनो, भांवरकोल, सदर तथा नगर क्षेत्र के उच्च प्राथमिक एवं संविलियन विद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिता में बच्चों ने सशक्त, आत्मनिर्भर, स्वच्छ, तकनीकी रूप से समृद्ध और सामाजिक रूप से समरस भारत की परिकल्पना को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। किसी बच्चे ने हरित भारत का संदेश दिया तो किसी ने अंतरिक्ष और विज्ञान के क्षेत्र में देश की प्रगति को चित्रित किया।इसके अलावा डिजिटल क्रांति, बालिका शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय एकता जैसे विषय भी बच्चों की कलाकृतियों में प्रमुखता से दिखाई दिए। प्रतियोगिता के दौरान विद्यालयों में बच्चों का उत्साह देखते ही बना। शिक्षकों ने बच्चों का मार्गदर्शन करते हुए उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित किया।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियां बच्चों की बौद्धिक, सृजनात्मक एवं कल्पनाशील क्षमता को विकसित करने के साथ ही उनमें राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और सकारात्मक दृष्टिकोण का भी विकास करती हैं। प्रतियोगिता के समापन पर विद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का चयन कर उन्हें पुरस्कृत एवं प्रोत्साहित किया गया। वहीं ब्लॉक स्तर पर चयनित श्रेष्ठ कलाकृतियों को संकलित कर आगामी जनपद स्तरीय प्रदर्शन के लिए सुरक्षित किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button