दो घंटे में गुमशुदा युवक को पुलिस ने औड़िहार जंक्शन से सकुशल बरामद किया,जंगीपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिजनों को मिली राहत, युवक को सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया

दो घंटे में गुमशुदा युवक को पुलिस ने औड़िहार जंक्शन से सकुशल बरामद किया,जंगीपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिजनों को मिली राहत, युवक को सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया
गाजीपुर, 2 अक्टूबर। जंगीपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घर से पढ़ाई के लिए निकले गुमशुदा युवक को महज दो घंटे के भीतर औड़िहार जंक्शन से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की तत्परता से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।जानकारी के अनुसार थाना जंगीपुर क्षेत्र के ग्राम नरहपुर निवासी ओमप्रकाश गुप्ता ने 1 अक्टूबर को थाने में सूचना दी कि उनका करीब 19 वर्षीय पुत्र आदर्श गुप्ता लेक्सिकॉन लाइब्रेरी, लावा में पढ़ाई करने के लिए घर से निकला था, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी वापस नहीं लौटा।मामले को गंभीरता से लेते हुए जंगीपुर पुलिस ने तत्काल सर्विलांस सेल गाजीपुर की सहायता से युवक के मोबाइल फोन की लोकेशन प्राप्त की। लोकेशन के आधार पर पुलिस ने टीम गठित कर थाना सैदपुर एवं जीआरपी औड़िहार के सहयोग से कार्रवाई की और युवक आदर्श गुप्ता को औड़िहार जंक्शन से सकुशल बरामद कर लिया।आवश्यक कार्रवाई के बाद युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुत्र के सकुशल मिलने पर परिजनों ने जंगीपुर पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।



