
गहरे जल वाले सात घाटों पर छठ पूजा के दौरान प्रवेश, स्नान और अर्घ्य देने पर प्रतिबंध
सुरक्षा के मद्देनजर डीएम अनुपम शुक्ला के निर्देश पर जारी हुई निषेधाज्ञा, बैरिकेडिंग के साथ पुलिस बल और गोताखोर रहेंगे तैनात
गाजीपुर। छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने गंगा नदी के गहरे जल वाले सात घाटों पर प्रवेश, स्नान और अर्घ्य देने के लिए पानी में उतरने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर उपजिला मजिस्ट्रेट सदर ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के अंतर्गत निषेधाज्ञा जारी की है। यह आदेश छठ पर्व के दौरान प्रभावी रहेगा।प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार तहसील सदर क्षेत्र में गंगा तट पर स्थित छोटा महादेवा घाट, बड़ा महादेवा घाट, फॉक्सगंज घाट, रिवर बैंक घाट और पत्थर घाट पर पानी अत्यधिक गहरा पाया गया है। इसके अलावा थाना सुहवल क्षेत्र के युवराजपुर तथा तहसील जमानिया के भोले बाबा की चौरी घाट पर भी गहरे पानी में प्रवेश करने पर प्रतिबंध लगाया गया है।प्रशासनिक निरीक्षण में इन घाटों पर छठ पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई गई है। विशेष रूप से व्रती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। गहरे पानी में उतरने से डूबने और अन्य दुर्घटनाओं के साथ जनहानि की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन यह कदम उठाया है।आदेश के अनुपालन में संबंधित थाना प्रभारियों और नगर पालिका परिषद गाजीपुर के अधिशासी अधिकारी को खतरनाक स्थलों पर बैरिकेडिंग कराने, चेतावनी बोर्ड लगाने तथा आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ गोताखोरों, बचाव दल और जीवनरक्षक उपकरणों की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे छठ महापर्व के दौरान प्रतिबंधित घाटों पर पानी में उतरकर स्नान या अर्घ्य न दें। पूजा–अर्चना और सूर्यदेव को अर्घ्य देने के लिए केवल सुरक्षित एवं प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थलों का ही उपयोग करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 तथा अन्य सुसंगत विधिक प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि आस्था के साथ–साथ सुरक्षा का भी ध्यान रखें और सुरक्षित घाटों पर ही छठ पूजा संपन्न करें।



