भारतराजनीति

मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर बीएलओ को दिया गया प्रशिक्षण, 17 नवंबर से घर-घर होगा सत्यापन

18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के नाम जुड़ेंगे, मृतक और डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम हटाने की होगी कार्रवाई; 16 दिसंबर तक चलेगा विशेष अभियान

मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर बीएलओ को दिया गया प्रशिक्षण, 17 नवंबर से घर-घर होगा सत्यापन

 

18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के नाम जुड़ेंगे, मृतक और डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम हटाने की होगी कार्रवाई; 16 दिसंबर तक चलेगा विशेष अभियान

 

गाजीपुर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के क्रम में निर्वाचक नामावली को शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026-27 के तहत शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 375-गाजीपुर के बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को प्रशिक्षण दिया गया। उपजिलाधिकारी सदर एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने बीएलओ को पुनरीक्षण कार्य की बारीकियों से अवगत कराते हुए निर्धारित समय सीमा में घर-घर जाकर मतदाताओं का शत-प्रतिशत सत्यापन करने का निर्देश दिया।प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान सभी बीएलओ अपने आवंटित मतदान क्षेत्रों में घर-घर जाकर निर्वाचक नामावली का सत्यापन करेंगे। अभियान का उद्देश्य पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराना तथा मृतक, स्थायी रूप से अन्यत्र स्थानांतरित और डुप्लीकेट मतदाताओं की प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाना है।अधिकारियों ने निर्देश दिया कि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं सहित ऐसे सभी पात्र नागरिकों, जिनका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है, उनसे फार्म-6 भरवाकर नाम जोड़ने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वहीं मतदाता सूची में नाम, आयु, लिंग, पता अथवा अन्य विवरणों में किसी प्रकार की त्रुटि मिलने पर संबंधित मतदाता से फार्म-8 भरवाकर संशोधन कराया जाए।प्रशिक्षण में वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और अन्य पात्र मतदाताओं पर विशेष ध्यान देने की हिदायत दी गई। बीएलओ को निर्देशित किया गया कि अपने मतदान क्षेत्र की मतदाता सूची का गहन परीक्षण करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए। साथ ही बीएलओ ऐप पर सत्यापन से संबंधित सूचनाओं की समयबद्ध एवं शुद्ध फीडिंग तथा प्राप्त आवेदन पत्रों को निर्धारित समय में ऑनलाइन अपलोड करने पर जोर दिया गया।इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर निर्वाचक नामावली पढ़कर सुनाने और मतदाताओं को पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रति जागरूक करने के लिए आवश्यक गतिविधियां आयोजित करने को कहा गया। सभी बीएलओ को प्रतिदिन की कार्य प्रगति अपने सुपरवाइजर को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। सुपरवाइजर घर-घर सत्यापन, प्राप्त आवेदनों और ऑनलाइन फीडिंग की नियमित समीक्षा करेंगे।उपजिलाधिकारी सदर ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी बीएलओ निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ निर्धारित समय सीमा में शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करें, जिससे आगामी विधानसभा चुनाव में कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button