भारतस्पोर्ट्स

राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गाजीपुर के छह खिलाड़ियों का चयन, प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन

शुभम यादव ने 100 और 200 मीटर दौड़ में जीता स्वर्ण पदक, आदित्य यादव ने हीट में प्रथम स्थान हासिल कर फाइनल में बनाई जगह

राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गाजीपुर के छह खिलाड़ियों का चयन, प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन

 

शुभम यादव ने 100 और 200 मीटर दौड़ में जीता स्वर्ण पदक, आदित्य यादव ने हीट में प्रथम स्थान हासिल कर फाइनल में बनाई जगह

 

बहरियाबाद (गाजीपुर)। जनपद गाजीपुर के एथलेटिक्स खिलाड़ियों ने प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने की मजबूत दावेदारी पेश की है। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते वर्ष 2026-27 की माध्यमिक विद्यालयी राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में इस बार जनपद की भागीदारी पिछले वर्ष की अपेक्षा अधिक रहने की संभावना है।प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में 30 अक्टूबर से तीन नवंबर तक आयोजित 70वीं प्रदेश स्तरीय माध्यमिक विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता में ओवरऑल चैंपियन वाराणसी मंडल का प्रतिनिधित्व करते हुए गाजीपुर के खिलाड़ियों ने कई पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर शुभम यादव, खुशबू यादव, नीलम बिंद, आदित्य यादव और आरती यादव सहित अन्य खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। वहीं अभय प्रसाद और पायल शर्मा का चयन संभावित खिलाड़ियों के रूप में किया गया है।क्रीड़ा सचिव आकाश सिंह ने बताया कि अंडर-19 बालक वर्ग में सुभाष विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बहरियाबाद के शुभम यादव ने 100 और 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा 4×400 मीटर रिले रेस में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। अंडर-19 बालिका वर्ग में टाउन नेशनल इंटर कॉलेज सैदपुर की खुशबू यादव ने 3000 मीटर वॉक रेस में स्वर्ण पदक प्राप्त किया, जबकि लूर्दस कॉन्वेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज गाजीपुर की नीलम बिंद ने 4×400 मीटर रिले रेस में स्वर्ण पदक जीतकर जनपद का गौरव बढ़ाया।इसी क्रम में अंडर-17 बालक वर्ग में बापू इंटर कॉलेज सादात के आदित्य यादव ने 3000 मीटर दौड़ में रजत पदक हासिल किया। वहीं नेहरू विद्यापीठ इंटर कॉलेज रेवतीपुर की आरती यादव ने भी 3000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की। इन खिलाड़ियों की उत्कृष्ट टाइमिंग और प्रतियोगिता में किए गए प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया है।क्रीड़ा सचिव ने बताया कि डॉ. एमए अंसारी इंटर कॉलेज मुहम्मदाबाद के अभय प्रसाद का 5000 मीटर वॉक रेस तथा पायल शर्मा का चयन संभावित खिलाड़ियों के रूप में हुआ है। उन्होंने बताया कि अंडर-17 वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता मध्य प्रदेश स्थित एसएमएस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित हो रही है। गुरुवार को हुई हीट रेस में आदित्य यादव ने 8 मिनट 40.77 सेकेंड का समय निकालकर प्रथम स्थान प्राप्त किया और फाइनल में जगह बनाई। उनके इस प्रदर्शन से फाइनल मुकाबले में पदक की उम्मीद बढ़ गई है।जनपद के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से खेल प्रेमियों, शिक्षकों और विद्यालय परिवारों में हर्ष का माहौल है। खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखते हुए आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में गाजीपुर के एथलीटों से बेहतर परिणाम की उम्मीद जताई जा रही है 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button