
मोहांव हत्याकांड का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, दोनों पैरों में लगी गोली
हत्या के बाद दहशत फैलाने का आरोप, निशानदेही पर बरामद हुई .32 बोर की पिस्तौल, खोखा और जिंदा कारतूस

गाजीपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहांव गांव में जुए के दौरान हुई हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी संजय बिन्द को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त .32 बोर की पिस्तौल, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर को अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक कोतवाली प्रमोद कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मोहांव गांव में जुए के दौरान हुई हत्या के मामले की विवेचना एवं कार्रवाई में जुटे थे। इस संबंध में थाना कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 817/2026 धारा 109(1) एवं 351(3) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत है।पुलिस के मुताबिक, आरोपी संजय बिन्द पुत्र फिरंगी बिन्द निवासी ग्राम बकराबाद ने थाने में आत्मसमर्पण किया था, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए वारदात में प्रयुक्त पिस्तौल बरामद कराने की बात कही।पुलिस टीम आरोपी को लेकर बरामदगी के लिए पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बरामदगी स्थल पर छिपाई गई पिस्तौल से पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ संतुलित फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस टीम ने तत्काल उसे कब्जे में लेकर मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उपचार के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक .32 बोर की पिस्तौल, एक खोखा कारतूस तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस मुठभेड़ एवं बरामदगी के संबंध में अलग से अभियोग पंजीकृत कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध वर्ष 2017 में मारपीट, तोड़फोड़ एवं अन्य धाराओं में, वर्ष 2025 में धोखाधड़ी एवं अमानत में खयानत तथा वर्ष 2026 में मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इसके अतिरिक्त मोहांव हत्याकांड का मुकदमा भी उसके विरुद्ध पंजीकृत है।इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली प्रमोद कुमार सिंह अपनी टीम के साथ तथा निरीक्षक देवेंद्र कुमार मिश्रा अपनी टीम के साथ शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।



