
जमानिया पुलिस ने अवैध असलहा बनाने वाले गिरोह का किया भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
09 देशी तमंचे, अर्द्धनिर्मित असलहे, कारतूस व असलहा बनाने के उपकरण बरामद
जमानिया। गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जमानिया पुलिस, थाना द्वितीय मोबाइल टीम तथा स्वाट टीम-बी की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर कथित अवैध असलहा निर्माण के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से बड़ी संख्या में निर्मित व अर्द्धनिर्मित असलहे, कारतूस, असलहा बनाने के उपकरण तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस के अनुसार 23 सितंबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक जमानिया योगेन्द्र सिंह पुलिस टीम के साथ पाण्डेयपुर मोड़ पर संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर थाना द्वितीय मोबाइल टीम के उपनिरीक्षक मनोज मिश्र तथा स्वाट टीम-बी प्रभारी उपनिरीक्षक शिवमणि त्रिपाठी की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुलिया के पास सिंचाई विभाग के परित्यक्त कमरे से तीन अभियुक्तों को हिरासत में लिया गया।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान पन्ना लाल बिन्द (40 वर्ष), निवासी सोईलापुर भूतहिया ताड़ थाना कोतवाली गाजीपुर, मनोज कुमार राय उर्फ चम्पी राय (52 वर्ष), निवासी ताजपुर मांझा थाना जमानिया तथा सोनू बिन्द (26 वर्ष), निवासी सकरा थाना कोतवाली गाजीपुर के रूप में हुई है।पुलिस ने बताया कि मौके से 09 अदद .315 बोर के चालू देशी तमंचे, तीन अर्द्धनिर्मित .315 बोर के तमंचे, एक अर्द्धनिर्मित .12 बोर तमंचा, एक अर्द्धनिर्मित .32 बोर रिवाल्वर, पांच जिंदा .315 बोर कारतूस, एक खोखा कारतूस, अर्द्धनिर्मित पिस्टल एवं तमंचे के विभिन्न हिस्से तथा असलहा बनाने के उपकरण बरामद किए गए। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई।इस संबंध में थाना जमानिया में मु0अ0सं0 320/2026, धारा 3/5/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्तों में पन्ना लाल बिन्द के विरुद्ध पूर्व में चार मुकदमे, मनोज कुमार राय के विरुद्ध एक मुकदमा तथा सोनू बिन्द के विरुद्ध विभिन्न थानों में 18 पूर्व मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जारी की है।कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक मनोज मिश्र, स्वाट टीम-बी प्रभारी उपनिरीक्षक शिवमणि त्रिपाठी सहित थाना जमानिया एवं स्वाट टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।



