Breaking Newsभारत

जखनिया (गाजीपुर) : विद्युत समस्याओं को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं का उपकेंद्र पर प्रदर्शन, अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप

विद्युत समस्याओं को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं का उपकेंद्र पर प्रदर्शन, अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप

जखनिया (गाजीपुर)। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर भाजपा मंडल अध्यक्ष धर्मवीर राजभर के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता जखनिया स्थित सब विद्युत उपकेंद्र पहुंचे। हालांकि उपकेंद्र पर कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं मिला। अधिकारियों द्वारा बुद्ध पूर्णिमा की छुट्टी का हवाला देते हुए अनुपस्थित रहने की बात कही गई।इस दौरान उपस्थित पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष प्रमोद वर्मा ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में उपभोक्ताओं को कई प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिसमें अत्यधिक बिजली बिल आना, स्मार्ट प्रीपेड मीटर के कारण बार-बार कनेक्शन कटना, बिना सही रीडिंग के बिल तैयार करना, जगह-जगह जर्जर व लटके तार, निर्धारित शेड्यूल के अनुसार बिजली आपूर्ति न होना तथा लो वोल्टेज जैसी समस्याएं प्रमुख हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण में विभाग द्वारा लापरवाही बरती जा रही है और एसडीओ इमाद उद्दीन सहित संबंधित कर्मचारियों द्वारा समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।प्रमोद वर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ बिचौलियों के माध्यम से उपभोक्ताओं से अवैध वसूली की जा रही है और शिकायतों का निस्तारण लेन-देन के बाद ही किया जाता है, जो पूरी तरह गैरकानूनी है। उन्होंने बताया कि लगभग 15 लोगों ने लिखित शिकायत देकर यह आरोप लगाया है कि कार्य में भेदभाव किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि इस संबंध में जिला अध्यक्ष के माध्यम से अधिशासी अभियंता एवं जिलाधिकारी को अवगत कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा का प्रतिनिधिमंडल पुनः उपकेंद्र पर पहुंचकर अधिकारियों से वार्ता करेगा और उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान की मांग करेगा।मंडल अध्यक्ष धर्मवीर राजभर ने कहा कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित निस्तारण होना चाहिए। यदि मीटर में कोई खराबी है तो उसकी जांच कर उचित बिल जारी किया जाए। उन्होंने कहा कि बिना जांच के बिल बनाकर वसूली करना गलत है। यदि कोई कर्मचारी सरकार की छवि खराब करने का प्रयास कर रहा है तो इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों तक की जाएगी।इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता दया शंकर सिंह, जिला प्रतिनिधि उमाशंकर यादव, महामंत्री पीयूष सिंह, व्यापारी नेता अशोक गुप्ता, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष प्रशांत सिंह, पंकज मोदनवाल, डब्बू राम, वरुण पांडेय, राजेश जायसवाल, नलनिश सिंह, ओम प्रकाश पांडेय, विजय गुप्ता, राजेश सोनकर, धर्मेंद्र कुशवाहा सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button