Breaking Newsभारत

गाजीपुर : ग्राम प्रधानों के लिए उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

ग्राम प्रधानों के लिए उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

गाजीपुर, 01 मई 2026। जनपद गाजीपुर के समस्त विकास खंडों के ग्राम प्रधानों के लिए विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में ऑडिटोरियम हाल में किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ जिलाधिकारी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।कार्यशाला में फार्मर रजिस्ट्रीकरण, गौ-आश्रय स्थलों के संचालन, विकसित भारत योजना, स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, पंचायत सचिवालय संचालन, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा फैमिली आईडी से संबंधित कार्यों पर विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए ग्राम प्रधानों से पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई इसमें संलिप्त पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्राम प्रधानों को भूमि विवाद प्रबंधन समिति के अध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाने पर जोर देते हुए कहा कि गांवों में सड़क, आबादी एवं निजी खेतों के विवादों का समाधान आपसी समन्वय एवं लेखपाल से पैमाइश कराकर किया जाए।गौ-आश्रय स्थलों के संबंध में उन्होंने निर्देश दिया कि निराश्रित पशुओं को गौशालाओं में भेजा जाए तथा उनका समुचित रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए। साथ ही गोवंश के अवैध परिवहन पर नजर रखने और ऐसी स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचित करने को कहा।जिलाधिकारी ने प्रत्येक ग्राम पंचायत में खेल मैदान विकसित करने का आह्वान किया तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने में ग्राम प्रधानों की सक्रिय भूमिका पर बल दिया। उन्होंने कानून व्यवस्था बनाए रखने में ग्राम प्रधानों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने की अपील की।उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में सहयोग, श्रमिकों के पंजीकरण तथा शेष विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम स्तर की समस्याओं के समाधान के लिए पहले ब्लॉक एवं तहसील स्तर पर प्रयास करने तथा आवश्यक होने पर सीधे जिलाधिकारी से संपर्क करने की बात कही।कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रधानों को प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, प्रभारी सीडीओ/परियोजना निदेशक दीन दयाल वर्मा, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चन्द्र उपाध्याय, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं जनपद के समस्त ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button