Breaking Newsभारत

जखनियां (गाजीपुर) : डीआरएम के दौरे से पहले जखनियां स्टेशन पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

डीआरएम के दौरे से पहले जखनियां स्टेशन पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

आरपीएफ मऊ की कार्रवाई से रेलवे भूमि खाली, छोटे दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट

जखनियां (गाजीपुर)। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) के प्रस्तावित दौरे को लेकर रेलवे प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। इसी क्रम में आरपीएफ मऊ की टीम ने जखनियां रेलवे स्टेशन परिसर एवं रेलवे की भूमि पर चल रहे अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाकर कई अस्थायी दुकानों को हटवाया।

बताया जाता है कि इससे पहले भी रेलवे प्रशासन ने स्टेशन के पूर्वी हिस्से में रेलवे भूमि पर लगी दुकानों को हटाकर अतिक्रमण मुक्त कराया था। गुरुवार को एक बार फिर डीआरएम के निरीक्षण को देखते हुए रेलवे की जमीन पर लगी अस्थायी दुकानों को खाली कराया गया। अभियान के दौरान दुकानदारों को तत्काल अपना सामान हटाने के निर्देश दिए गए।कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे रेलवे भूमि पर छोटी-छोटी दुकानें लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। कई दुकानदारों ने बताया कि उनकी आजीविका पूरी तरह इन दुकानों पर निर्भर है और बार-बार की कार्रवाई से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

उनका कहना था कि यदि उन्हें हटाया जा रहा है तो उनके पुनर्वास या वैकल्पिक व्यवस्था पर भी विचार किया जाना चाहिए।वहीं रेलवे प्रशासन का कहना है कि रेलवे की भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा।

अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि रेलवे की जमीन पर अवैध कब्जा या दुकान लगाने वालों के विरुद्ध आगे भी अभियान जारी रहेगा।इसी क्रम में डीआरएम ने सादात, जखनियां एवं दुल्लहपुर रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण को लेकर स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था एवं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज कर दी गई थी।

अतिक्रमण हटाने के अभियान में आरपीएफ मऊ की टीम सहित रेलवे के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। रेलवे प्रशासन ने लोगों से रेलवे भूमि पर अतिक्रमण न करने तथा नियमों का पालन करने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button