Breaking Newsभारत

गोरखपुर में मोबाइल को लेकर मां पर हमला, घर से निकली 11 वर्षीय बच्ची 72 घंटे बाद बिहार में मिली

गोरखपुर में मोबाइल को लेकर मां पर हमला, घर से निकली 11 वर्षीय बच्ची 72 घंटे बाद बिहार में मिली

गोरखपुर। तिवारीपुर थाना क्षेत्र में मोबाइल फोन को लेकर मां-बेटी के बीच हुआ विवाद गंभीर रूप ले लिया। मोबाइल चलाने को लेकर मां की डांट से नाराज कक्षा छह की 11 वर्षीय बच्ची ने कथित तौर पर अपनी मां पर हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और महिला को बचाया।

बताया जा रहा है कि बच्ची मोबाइल फोन पर काफी समय बिताती थी। मां ने मोबाइल देने से मना करते हुए उसे डांट दिया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ और मामला मारपीट तक पहुंच गया।

घटना के अगले दिन शाम करीब पांच बजे बच्ची घर में रखा एक छोटा बैग लेकर बिना बताए निकल गई। बैग में कुछ कपड़े और जरूरी सामान थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

परिजनों के मुताबिक, बच्ची के लापता होने के बाद रात में एक अज्ञात नंबर पर बातचीत की जानकारी भी सामने आई। पुलिस ने संभावित संपर्कों और तकनीकी माध्यमों से जांच शुरू की।
तिवारीपुर पुलिस ने सर्विलांस समेत अन्य माध्यमों की मदद से बच्ची की तलाश शुरू की। करीब 72 घंटे की लगातार कोशिश के बाद पुलिस ने बच्ची को बिहार स्थित उसके एक रिश्तेदार के घर से सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस टीम बच्ची को वापस गोरखपुर ले आई है।

पुलिस के अनुसार, मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण संवेदनशीलता के साथ आगे की कार्रवाई की जा रही है। बच्ची की काउंसलिंग कराकर उसके व्यवहार और घटना के पीछे के कारणों को समझने का प्रयास किया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना बच्चों के मोबाइल इस्तेमाल, पारिवारिक संवाद और भावनात्मक व्यवहार को लेकर अभिभावकों के लिए भी एक महत्वपूर्ण संकेत है। विशेषज्ञों के अनुसार, बच्चों के साथ संवाद बनाए रखना और डिजिटल उपकरणों के इस्तेमाल के लिए संतुलित नियम तय करना जरूरी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button