गोरखपुर : कूटरचित दस्तावेज बनाकर मृतक की संपत्ति हड़पने का प्रयास, पीड़िता ने प्रेस क्लब में लगाई न्याय की गुहार

कूटरचित दस्तावेज बनाकर मृतक की संपत्ति हड़पने का प्रयास, पीड़िता ने प्रेस क्लब में लगाई न्याय की गुहार
गोरखपुर। गीडा थाना क्षेत्र के बोक्टा गांव की रहने वाली सोहबती पुत्री स्व. भुल्लड़ (पत्नी फूलदेव) ने गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के अध्यक्ष को पत्र सौंपकर जालसाजी और फर्जीवाड़े के जरिए उनकी पैतृक संपत्ति हड़पने के प्रयास का सनसनीखेज आरोप लगाया है।
पीड़िता सोहबती के अनुसार, उनके पिता स्व. भुल्लड़ के नाम से ग्राम बोक्टा में मकान व जमीन दर्ज थी। स्व. भुल्लड़ का कोई पुत्र नहीं था, केवल दो पुत्रियां—सोहबती और बासमती थीं। पिता की मृत्यु के पश्चात संपूर्ण संपत्ति उनकी माता गुलाबी देवी के नाम बतौर वारिस दर्ज हुई थी। आरोप है कि माता गुलाबी देवी के निधन के बाद रामनिवास नाम के व्यक्ति (पुत्र संतलाल उर्फ संतू) ने कूटरचना व फर्जीवाड़ा करते हुए खुद को मृतक भुल्लड़ का पुत्र बताकर खतौनी खाता संख्या 78 पर अपना नाम दर्ज करा लिया।
पीड़िता का कहना है कि नायब तहसीलदार पाली (तहसील सहजनवां) के न्यायालय में वाद संख्या 628 के दौरान आरोपी रामनिवास ने झूठा शपथ-पत्र दाखिल किया, जिसमें उसने खुद को स्व. भुल्लड़ का पुत्र दिखाया। जबकि जन सूचना अधिकार (RTI) और आधार कार्ड से प्राप्त दस्तावेजों में उसके पिता का नाम संतलाल दर्ज है।
सोहबती ने बताया कि राजस्व परिषद (उपरी अदालत) तक से आदेश उनके पक्ष में पारित हो चुके हैं और विपक्षी के पास जमीन का कोई वैध साक्ष्य नहीं है। इसके बावजूद आरोपी रामनिवास, उसकी पत्नी मंतू और बेटा मनोज जबरन जमीन पर कब्जा करने और उसे हड़पने का प्रयास कर रहे हैं। पीड़िता ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस व प्रशासन से धोखाधड़ी करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई और न्याय दिए जाने की मांग की है।



