गोरखपुर : कमिश्नरी परिसर में वृद्ध की संदिग्ध मौत, हार्ट अटैक की आशंका

कमिश्नरी परिसर में वृद्ध की संदिग्ध मौत, हार्ट अटैक की आशंका
शाम करीब 6 बजे की घटना, मोपेड खड़ी कर लॉन में बैठे 63 वर्षीय रामसमुझ चौधरी की मौत
गोरखपुर। शहर के कैंट थाना क्षेत्र स्थित कमिश्नरी परिसर में मंगलवार शाम करीब 6 बजे एक 63 वर्षीय वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रथम दृष्टया मामला हार्ट अटैक का माना जा रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। घटना से परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान रामसमुझ चौधरी (63) पुत्र मुरली चौधरी, निवासी मुगलपुरा टोला परती, थाना पिपराइच के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रामसमुझ चौधरी मंगलवार शाम अपनी मोपेड से कमिश्नरी परिसर पहुंचे थे। उन्होंने अपनी गाड़ी खड़ी की और परिसर स्थित शिव मंदिर के पीछे लॉन में बने चबूतरे पर जाकर बैठ गए। कुछ देर बाद वहां मौजूद लोगों ने उन्हें चबूतरे पर गिरा हुआ देखा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब लोग उनके पास पहुंचे तो वह अचेत अवस्था में पड़े थे। स्थिति गंभीर देख तत्काल यूपी-112 पर सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच की तो वृद्ध की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया वहां चौकी प्रभारी कलेक्ट्रेट विनोद सिंह पहले से मौजूद रहे l
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला चिकित्सालय भेज दिया, जहां पोस्टमार्टम कराया जाएगा। प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि वृद्ध अकेले ही वहां आए थे और कुछ देर चुपचाप बैठे रहे। अचानक उनके गिरने की घटना ने सभी को चौंका दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने ही पुलिस को सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई कराई।
पुलिस को मृतक के पास से एक छोटा मोबाइल फोन मिला, जिसके जरिए परिजनों से संपर्क किया गया। पुलिस ने मोबाइल में मौजूद नंबर पर कॉल कर घटना की जानकारी दी और मृतक की फोटो भी भेजी। इसके बाद परिजनों ने उनकी पहचान की पुष्टि की।
कैंट थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल परिजनों को सूचित कर दिया गया है और उनके आने का इंतजार किया जा रहा है।
हालांकि पुलिस का कहना है कि यह एक प्राकृतिक मौत का मामला प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है ताकि किसी प्रकार की शंका की गुंजाइश न रहे।



