गाजीपुर : सम्पूर्ण समाधान दिवस में 404 शिकायतें प्राप्त, 43 का मौके पर निस्तारण

सम्पूर्ण समाधान दिवस में 404 शिकायतें प्राप्त, 43 का मौके पर निस्तारण

गाजीपुर 02 मई, 2026। जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसील मुहम्मदाबाद के सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।कार्यक्रम में मुहम्मदाबाद तहसील में कुल 88 शिकायतें/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 15 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। वहीं जनपद की सातों तहसीलों से प्राप्त सूचना के अनुसार कुल 404 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 43 का तत्काल समाधान किया गया।
अन्य तहसीलों की स्थिति इस प्रकार रही—तहसील सदर में 65 शिकायतों में से 7, जखनियां में 82 में से 5, सेवराई में 38 में से 4, जमानियां में 56 में से 5, सैदपुर में 33 में से 2 तथा कासिमाबाद में 42 में से 5 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी ने समाधान दिवस के दौरान आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शेष प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से पुलिस एवं राजस्व विभाग को आपसी समन्वय स्थापित कर जमीनी एवं आपसी विवादों का गांव स्तर पर ही समाधान सुनिश्चित करने को कहा।लेखपालों को निर्देशित किया गया कि छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान में अनावश्यक विलंब न किया जाए और शिकायतकर्ताओं को परेशान न किया जाए। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि भूमि, रास्ता एवं खेत की नापी से संबंधित विवादों का निस्तारण पहले ग्राम प्रधान एवं तहसील स्तर पर कराएं। यदि वहां समाधान न हो तो ही उच्च स्तर पर संपर्क करें।इस अवसर पर परियोजना निदेशक दीन दयाल वर्मा, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद, तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



