धर्मभारत

छठ पर्व को लेकर डीएम और एसपी ने नरवर घाट का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश

गहरे पानी वाले स्थानों पर होगी बैरिकेडिंग, गोताखोरों और जल पुलिस की रहेगी तैनाती; सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी, महिला सुरक्षा पर विशेष जोर

छठ पर्व को लेकर डीएम और एसपी ने नरवर घाट का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश

 

गहरे पानी वाले स्थानों पर होगी बैरिकेडिंग, गोताखोरों और जल पुलिस की रहेगी तैनाती; सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी, महिला सुरक्षा पर विशेष जोर

गाजीपुर। डाला छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने थाना गहमर क्षेत्र के नरवर घाट का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाट पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, जल स्तर और यातायात प्रबंधन का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने नदी के गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां मजबूत बैरिकेडिंग कराने तथा स्पष्ट चेतावनी बोर्ड लगाने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्थिति में लोगों को गहरे पानी की ओर जाने से रोकने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाएं।अचानक उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों से निपटने के लिए घाट पर प्रशिक्षित गोताखोरों, नावों और जल पुलिस की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं छठ व्रतियों को रात्रि और भोर में अर्घ्य देने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए घाटों और संपर्क मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए। हाईमास्ट लाइट और जनरेटर की व्यवस्था के साथ घाटों पर साफ-सफाई, चेंजिंग रूम तथा सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने पर भी जोर दिया गया।महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों तथा एंटी रोमियो स्क्वाड की सादे कपड़ों और वर्दी में तैनाती करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही घाट की ओर आने-जाने वाले मार्गों पर व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था कराते हुए यातायात को जाममुक्त रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सेवराई, क्षेत्राधिकारी जमानियां, तहसीलदार सेवराई, प्रभारी निरीक्षक गहमर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button