Breaking Newsभारत

गाजीपुर : मरदह के कुसेहरा में 400 गोवंशों की क्षमता वाले वृहद गोसंरक्षण केंद्र का लोकार्पण

मरदह के कुसेहरा में 400 गोवंशों की क्षमता वाले वृहद गोसंरक्षण केंद्र का लोकार्पण

1.61 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित केंद्र का पशुधन मंत्री ने वर्चुअल माध्यम से किया उद्घाटन

गाजीपुर, 27 जुलाई। जनपद के विकास खंड मरदह स्थित कुसेहरा वृहद गोसंरक्षण केंद्र का सोमवार को उत्तर प्रदेश सरकार के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने पशुपालन निदेशालय, लखनऊ से वर्चुअल माध्यम के जरिए लोकार्पण किया। इस अवसर पर केंद्र परिसर में हवन-पूजन के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।लोकार्पण समारोह में ब्लॉक प्रमुख मरदह श्रीमती सीता सिंह, ग्राम प्रधान तिलाड़ी रमाकांत यादव, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद कुमार शाही, खंड विकास अधिकारी सुवेदिता सिंह, सहायक अभियंता रवि सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि वृहद गोसंरक्षण केंद्र का निर्माण 1.612 करोड़ रुपये की लागत से 1.214 हेक्टेयर भूमि पर कराया गया है। इस केंद्र में 400 निराश्रित गोवंशों को सुरक्षित रखने की व्यवस्था की गई है।उन्होंने बताया कि कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण एवं श्रम विकास सहकारी संघ लिमिटेड द्वारा केंद्र में 100-100 गोवंशों की क्षमता वाले चार आधुनिक शेड, भूसा गोदाम, कार्यालय तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का निर्माण कराया गया है, जिससे गोवंशों के संरक्षण और देखभाल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।लोकार्पण के उपरांत गोसंरक्षण केंद्र के संचालन की जिम्मेदारी किसी चयनित संस्था या संगठन को सौंपी जाएगी। इसके लिए संबंधित संस्था को पशुपालन विभाग के साथ एमओयू (समझौता ज्ञापन) करना होगा। निर्धारित नियम एवं शर्तों के अनुसार संस्था अगले तीन वर्षों तक केंद्र का संचालन करेगी। शासन द्वारा संरक्षित गोवंशों के भरण-पोषण एवं रखरखाव के लिए निर्धारित धनराशि प्रत्येक माह उपलब्ध कराई जाएगी।कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि इस गोसंरक्षण केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र में निराश्रित गोवंशों के संरक्षण की व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा किसानों को भी काफी राहत मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button