
25 हजार रुपये का इनामी गोतस्कर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
नंदगंज पुलिस ने धामपुर घरवा मोड़ के पास की कार्रवाई, तमंचा और कारतूस बरामद

गाजीपुर, 3 नवंबर।जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नंदगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मंगलवार को धामपुर घरवा मोड़ के पास पुलिस मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त ओसियर बिन्द को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस तथा एक जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद किया गया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त ओसियर बिन्द पुत्र नीर दयाल उर्फ निर्दयी बिन्द, ग्राम लखईपुर अवंती, थाना धीना, जनपद चंदौली का निवासी है। उसकी उम्र करीब 35 वर्ष बताई गई है। वह थाना शादियाबाद में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 72/2026, धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था।पुलिस मुठभेड़ में घायल अभियुक्त को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। मुठभेड़ एवं बरामदगी के संबंध में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध चंदौली और गाजीपुर जनपदों में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, गिरोहबंद अधिनियम, आर्म्स एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध वर्ष 2018 में सकलडीहा थाना, वर्ष 2019 में जमानिया थाना तथा वर्ष 2025 और 2026 में शादियाबाद एवं नंदगंज थानों में भी मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी गई है।गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में नंदगंज थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव तथा थाना नंदगंज के पुलिसकर्मी शामिल रहे।



