Breaking Newsभारत

गाजीपुर : एनसीसी कैडेटों को सिखाए यातायात नियम, फायरिंग का भी दिया प्रशिक्षण

एनसीसी कैडेटों को सिखाए यातायात नियम, फायरिंग का भी दिया प्रशिक्षण

92 यूपी बटालियन के 10 दिवसीय कैंप में ड्रिल, फायरिंग और सांस्कृतिक गतिविधियों से कैडेटों का सर्वांगीण विकास

गाजीपुर। 92 यूपी बटालियन एनसीसी द्वारा सत्यदेव डिग्री कॉलेज, गाजीपुर के ग्राउंड में आयोजित 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण कैंप (CATC) पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ संचालित हो रहा है। कैंप के दौरान एनसीसी कैडेटों को सैन्य प्रशिक्षण के साथ-साथ यातायात नियम, अनुशासन, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं विभिन्न व्यवहारिक विषयों की जानकारी देकर उनके व्यक्तित्व विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है।कैंप में कैडेटों ने सुबह नियमित रूप से ड्रिल अभ्यास किया। इसके पश्चात कैडेटों को अलग-अलग प्लाटून में विभाजित कर ग्राउंड में आयोजित कक्षाओं के लिए भेजा गया। इस दौरान हवलदार शंभू एवं हवलदार कंचुक नरगिस ने कैडेटों की कक्षाएं संचालित करते हुए उन्हें प्रशिक्षण प्रदान किया।आज आयोजित सेंट्रलाइज्ड क्लास में कैडेटों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। गाजीपुर ट्रैफिक पुलिस की ओर से ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह एवं हवलदार संदीप पटेल ने कैडेटों को यातायात नियमों की विस्तार से जानकारी दी।उन्होंने कैडेटों को बताया कि सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने विशेष रूप से कैडेटों को सलाह दी कि ड्राइविंग लाइसेंस बनने के बाद ही वाहन चलाएं और बिना लाइसेंस वाहन चलाने से बचें।प्रशिक्षण के दौरान दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट के महत्व को भी समझाया गया। अधिकारियों ने कैडेटों को तेज गति, लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी से होने वाली दुर्घटनाओं के प्रति भी सचेत किया।कैंप के अंतर्गत फायरिंग प्रशिक्षण के दूसरे दिन इंटर कॉलेज खालिसपुर के फायरिंग रेंज पर कैडेटों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण अधिकारी लेफ्टिनेंट प्रदीप कुमार, सूबेदार भीम बहादुर, हवलदार रविंद्र सिंह, हवलदार दान बहादुर एवं हवलदार तिवारी ने कैडेटों को फायरिंग से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की।कैडेटों को हथियार संचालन से जुड़ी मूलभूत जानकारी, ड्राई प्रैक्टिस तथा बेहतर निशानेबाजी के लिए आवश्यक तकनीकों का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले कैडेटों पर विशेष ध्यान दिया गया। फायरिंग में बेहतर प्रदर्शन कर क्लोज ग्रुप बनाने वाले मेधावी कैडेटों को आगे और अभ्यास कराया जाएगा, जिससे उनकी प्रतिभा को निखारकर उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार किया जा सके।कैंप में सैन्य एवं शैक्षणिक प्रशिक्षण के साथ कैडेटों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के लिए सांस्कृतिक गतिविधियों का भी आयोजन किया जा रहा है। कल्चरल ऑफिसर लेफ्टिनेंट सूर्य भूषण द्विवेदी के निर्देशन में कैडेटों को सोलो सॉन्ग, सोलो डांस, ग्रुप सॉन्ग एवं ग्रुप डांस की नियमित प्रैक्टिस कराई जा रही है।कैंप में अनुशासन, शारीरिक दक्षता, सैन्य प्रशिक्षण, यातायात जागरूकता तथा सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से कैडेटों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।92 यूपी बटालियन एनसीसी का यह 10 दिवसीय कैंप कर्नल अनुभव राज (सेना मेडल) के नेतृत्व में तथा डिप्टी कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल रणजीत श्रीवास्तव, कैंप एडजुटेंट कैप्टन आरपी यादव एवं कैंप क्वार्टर मास्टर लेफ्टिनेंट रवि शेखर सिंह की देखरेख में सकुशल संचालित किया जा रहा है।कैंप के माध्यम से कैडेटों को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, शारीरिक एवं मानसिक दक्षता के साथ जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रशिक्षित किया जा रहा है। एनसीसी प्रशिक्षण के इस अवसर को कैडेट अपने व्यक्तित्व एवं भविष्य को बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण अनुभव के रूप में ले रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button