गोरखपुर : समाज कल्याण कार्यालय पर प्रताप वाहिनी का प्रदर्शन, वृद्धावस्था पेंशन न मिलने पर सौंपा ज्ञापन

समाज कल्याण कार्यालय पर प्रताप वाहिनी का प्रदर्शन, वृद्धावस्था पेंशन न मिलने पर सौंपा ज्ञापन
गोरखपुर। आज वृद्धावस्था पेंशन के लंबित आवेदनों, रोकी गई पेंशन और अनियमिता के विरोध में आज ‘प्रताप वाहिनी सामाजिक संस्था’ ने समाज कल्याण कार्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा। संस्था ने चेतावनी दी है कि जल्द से जल्द पात्र आवेदकों के खातों में पेंशन की राशि भेजी जाए।
संस्था के संस्थापक अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने विभाग की कार्यप्रणाली पर गहरा असंतोष व्यक्त किया। राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि बुजुर्गों, असहायों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए वृद्धावस्था पेंशन एक बहुत बड़ा संबल (वरदान) है। लेकिन वर्तमान में समाज कल्याण विभाग गोरखपुर द्वारा आवेदकों और पेंशनधारकों के साथ उपेक्षापूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कई वर्षों पूर्व आवेदन करने के बावजूद अब तक लोगों को पेंशन नहीं मिली है। वहीं, जो पुराने पेंशनधारक हैं, उनकी पेंशन बंद कर दी गई है या समय से नहीं दी जा रही है। जब भी इस संबंध में बात की जाती है, तो विभाग ‘बजट नहीं है’ कहकर अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ लेता है।
राघवेंद्र प्रताप सिंह ने समाज कल्याण विभाग की इस लापरवाही को अक्षम्य बताते हुए प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने आग्रह किया कि अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए जाएं ताकि लंबित पेंशन तुरंत जारी हो सके और बंद पड़ी पेंशन को पुनः चालू किया जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से कल्पना दुबे, प्रमोद शंकर दुबे, निर्मल कुमार नियोगी, सुशीला देवी, मनोहर लाल, कृष्ण मुरारी लाल, राममिलन प्रजापति, नीलम देवी, तीर्थ राज जायसवाल, नवीन सिंह, मनोज शुक्ला मंतोष, राजू सिंह, पिंटू गुप्ता, सुधीर श्रीवास्तव, संतोष शर्मा समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।



