जखनिया (गाजीपुर) : बाबा पंचेश्वर महादेव धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, दिव्य हरियाली पंचतत्विक श्रृंगार ने मोहा श्रद्धालुओं का मन

बाबा पंचेश्वर महादेव धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, दिव्य हरियाली पंचतत्विक श्रृंगार ने मोहा श्रद्धालुओं का मन
श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर दिनभर चलता रहा जलाभिषेक, प्रसाद वितरण और भजन-कीर्तन का सिलसिला

जखनिया (गाजीपुर)। पवित्र श्रावण मास के प्रथम सोमवार के शुभ अवसर पर ग्राम सभा अलीपुर मदरा स्थित प्राचीन बाबा पंचेश्वर महादेव धाम में श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के गगनभेदी जयघोष से पूरा धाम शिवमय वातावरण में सराबोर हो गया। बड़ी संख्या में माताओं, बहनों एवं श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान शिव का पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं विश्व कल्याण की मंगलकामना की।श्रद्धालुओं की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सर्वानंद (झुन्ना) सिंह के सौजन्य से सुंदरकांड समिति मंदरा धाम के कार्यकर्ताओं द्वारा दिनभर मंदिर परिसर में आने वाले सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। सेवा भाव से किए गए इस कार्य की श्रद्धालुओं ने मुक्तकंठ से सराहना करते हुए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।सायंकाल मंदिर परिसर में आयोजित दिव्य एवं अलौकिक “हरियाली पंचतत्विक श्रृंगार” श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। मंदिर संस्थापक परिवार की नौवीं पीढ़ी के सक्रिय सदस्य रविशंकर जायसवाल के सौजन्य से भगवान भोलेनाथ का मनोहारी एवं भव्य श्रृंगार किया गया। हरियाली से सुसज्जित मंदिर, आकर्षक पुष्प सज्जा, दीपों की जगमगाहट तथा मनमोहक झांकियों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।श्रृंगार के उपरांत मधुर शिव भजनों, स्तुति एवं आरती के बीच श्रद्धालु देर शाम तक भक्ति रस में डूबे रहे। पूरा मंदिर परिसर भगवान शिव की भक्ति, श्रद्धा और उल्लास से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने दिव्य श्रृंगार के दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस किया और बाबा पंचेश्वर महादेव से सुख, शांति, समृद्धि एवं जनकल्याण की प्रार्थना की।आयोजक मंडल ने श्रद्धालुओं से अपील की कि श्रावण मास के पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में बाबा पंचेश्वर महादेव धाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का दर्शन-पूजन करें तथा धर्म, सेवा, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना के इस पावन आयोजन का हिस्सा बनें।



