गाजीपुर : मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने नवीन मंडी परिसर का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने नवीन मंडी परिसर का किया निरीक्षण
सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, बैरिकेडिंग और मूलभूत सुविधाओं की तैयारियों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

गाजीपुर, 28 जुलाई। मुख्यमंत्री के संभावित जनपद आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने मंगलवार को यूसुफपुर मोहम्मदाबाद स्थित नवीन मंडी परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने आगंतुकों की सुविधा, सुगम आवागमन, स्वच्छता तथा मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था के प्रभावी संचालन के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), मुख्य राजस्व अधिकारी, उपजिलाधिकारी मोहम्मदाबाद, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को उनके दायित्वों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।



