राम जन्मभूमि न्यास समिति के नवनामित सदस्य रामानंद दास महाराज से मिला ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल

राम जन्मभूमि न्यास समिति के नवनामित सदस्य रामानंद दास महाराज से मिला ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल
शिष्टाचार भेंट कर दी बधाई, पत्रकारिता की भूमिका पर हुई चर्चा

अयोध्या। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन जनपद गोरखपुर का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को अयोध्या पहुंचा और राम जन्मभूमि न्यास समिति के नवनामित सदस्य पूज्य रामानंद दास महाराज से शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर पुष्पगुच्छ भेंट कर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि रामानंद दास महाराज लंबे समय से धार्मिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक क्षेत्र में जनसेवा के कार्यों से जुड़े रहे हैं। राम जन्मभूमि न्यास समिति में उनका नामित होना समाज के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महाराज के अनुभव, दूरदृष्टि एवं समर्पण से भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या के धार्मिक एवं सांस्कृतिक विकास को नई गति मिलेगी।
रामानंद दास महाराज ने प्रतिनिधिमंडल का आत्मीय स्वागत करते हुए सभी पत्रकारों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्रीराम के आदर्शों पर आधारित समाज का निर्माण, सेवा, सद्भाव और सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा निष्पक्ष और सकारात्मक पत्रकारिता लोकतंत्र की सशक्त आधारशिला है।
भेंट के दौरान अयोध्या के विकास, धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा समाजहित के विभिन्न विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। प्रतिनिधिमंडल ने अयोध्या में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए इसे देश की सांस्कृतिक चेतना का केंद्र बताया।
प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ पत्रकार ललित मोहन त्रिपाठी, राम आशीष त्रिपाठी, बृजनाथ त्रिपाठी, पंकज पांडेय, शैलेंद्र दुबे, पद्माकर मिश्र, अवनीश सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



