Breaking Newsभारत

गाजीपुर : 14 से 15 वर्ष की सभी बालिकाओं को लगेगा एचपीवी टीका, सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए डीएम ने तेज करने के दिए निर्देश

14 से 15 वर्ष की सभी बालिकाओं को लगेगा एचपीवी टीका, सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए डीएम ने तेज करने के दिए निर्देश

43 हजार बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य, अब तक केवल 4 हजार का हुआ वैक्सीनेशन

गाजीपुर, 27 जुलाई। जनपद की किशोरियों को गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान को गति देने के लिए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेस प्रतिनिधियों के साथ प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित एवं प्रभावी है और भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम करने में सहायक सिद्ध होती है।जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की लगभग 43 हजार बालिकाओं का टीकाकरण किया जाना है। इसके सापेक्ष अब तक केवल 3,500 से 4,000 बालिकाओं का ही टीकाकरण हो सका है, जो अपेक्षा के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि इस अभियान को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए सभी संबंधित विभागों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में से एक है, लेकिन समय पर एचपीवी टीका लगवाकर इससे प्रभावी बचाव संभव है। यह वैक्सीन विश्व के लगभग 75 प्रतिशत देशों के राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम का हिस्सा है और वैज्ञानिक परीक्षणों के बाद पूरी तरह सुरक्षित घोषित की जा चुकी है। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम पर ध्यान न देने की अपील की।जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी, सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (एबीएसए), एमओआईसी तथा विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक कर अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विकास खंडों में एक सप्ताह के भीतर माइक्रो प्लान तैयार कर टीकाकरण अभियान को गति देने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर पात्र बालिकाओं का चिन्हांकन कर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने को कहा।उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि जिनकी पुत्रियों की आयु 14 से 15 वर्ष है, वे उन्हें निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाकर समय से एचपीवी का टीका अवश्य लगवाएं, ताकि भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।प्रेसवार्ता में जिलाधिकारी ने मीडिया से भी इस जनहितकारी अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार में सहयोग करने का आग्रह किया, ताकि अधिक से अधिक पात्र बालिकाएं टीकाकरण का लाभ प्राप्त कर स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की ओर अग्रसर हो सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button